विधायक दिनेश राय मुनमुन ने लखनादौन आगमन पर पदयात्रा का किया स्वागत
सिवनी यशो :- रविवार, 5 जुलाई 2026 को सिवनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक दिनेश राय मुनमुन ने छिंदवाड़ा से मां शारदा की पावन नगरी मैहर धाम की ओर जा रही सांसद श्री विवेक बंटी साहू की पदयात्रा का लखनादौन आगमन पर भव्य स्वागत किया।

जैसे ही सांसद विवेक बंटी साहू एवं पदयात्रियों का जत्था “जय माता दी” के जयघोष के साथ लखनादौन नगर की सीमा में प्रवेश किया, विधायक दिनेश राय मुनमुन ने भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं क्षेत्रवासियों के साथ उनका फूल-मालाओं से आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इसके पश्चात विधायक श्री मुनमुन पदयात्रियों को अपने गृह निवास लेकर पहुंचे। यहां सांसद श्री विवेक बंटी साहू ने विधायक कार्यालय में स्थापित प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर यात्रा की सफल एवं निर्विघ्न पूर्णता के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर विधायक दिनेश राय मुनमुन ने सांसद श्री साहू का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। उन्होंने मां शारदा के सभी भक्तों की सुखद, सुरक्षित एवं सफल यात्रा की मंगलकामनाएं व्यक्त करते हुए पदयात्रा को श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मैहर धाम के लिए रवाना किया।
इस दौरान बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी नागरिक, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।




One Comment