शेर बना काल : घर से युवक को ले गया उठाकर
सिवनी जिले के बावनथड़ी-पिंडरई क्षेत्र में वन्यजीव हमला, क्षेत्र में दहशत का माहौल
Seoni 20 June 2025
सिवनी यशो:- सिवनी जिले के वनवर्ती ग्राम बावनथड़ी और पिंडरई बुटटे के ग्रामीण क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, 16-17 वर्षीय अबोध बालक सुमित पिता पंचम पंद्रे को एक बाघ (शेर) ने अचानक हमला कर जंगल की ओर खींच लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों में खासा आक्रोश का वातावरण बना हुआ है और समाचार लिखे जाने तक आक्रोशित ग्रामीणो ने एन एच 44 कुरई में लंबा जाम लगा दिया है ।
घर के आंगन से उठा ले गया बाघ
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, बालक घर के पास बाड़ी में पेड़ के नीचे खेल रहा था, तभी अचानक बाघ ने हमला कर दिया और उसे उठाकर जंगल की ओर ले गया। घटना इतनी अचानक और तेज थी कि परिवार कुछ कर भी नहीं सका। कुछ दूरी पर बालक का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला।
गांव में मातम, क्षेत्र में हड़कंप
इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में मातम छा गया है। वहीं पूरे क्षेत्र में आतंक और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले भी कई बार जंगली जानवरों की गांव में आमद की शिकायतें की गई थीं, लेकिन कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई।
वन विभाग मौके पर, ग्रामीणों में रोष
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। अधिकारियों ने बाघ की लोकेशन ट्रेस करने के लिए कैमरा ट्रैप और निगरानी की बात कही है। हालांकि, ग्रामीणों ने रात्रिकालीन सुरक्षा और मुआवजा की मांग की है।
मुख्य बिंदु
अबोध बालक को शिकार बना ले गया बाघ
घर के पास से उठा ले गया, शव जंगल में मिला
क्षेत्र में वन्यजीव हमलों की बढ़ती घटनाएं
ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
ग्रामीण क्षेत्रों में वन्यजीव हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। यह घटना एक चेतावनी है कि मानव और वन्यजीव संघर्ष की स्थिति अब सहनीय नहीं रही। प्रशासन और वन विभाग को मिलकर तत्काल कदम उठाने होंगे, ताकि भविष्य में ऐसी हृदयविदारक घटनाएं रोकी जा सकें।
अपडेट जारी है……..



