मध्यप्रदेश

मातृ शक्ति का आशीर्वाद बना संबल, विकास पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा मध्यप्रदेश : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

1.25 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में पहुंचे 1835 करोड़ रुपये

सागर/भोपाल यशो :- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मातृ शक्ति का आशीर्वाद ही सरकार की सबसे बड़ी ताकत है और महिलाओं की सहभागिता से मध्यप्रदेश लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना योजना महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन का मजबूत आधार बनी है और प्रदेश की माताएं-बहनें अब परिवार और समाज की आर्थिक धुरी बनकर उभर रही हैं।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव केसली में आयोजित लाड़ली बहना सम्मेलन को संबोधित करते हुए
लाड़ली बहना योजना की 37वीं किस्त जारी, CM मोहन यादव ने दिए 1835 करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को सागर जिले के केसली में आयोजित लाड़ली बहना सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने लगभग 190.85 करोड़ रुपये की लागत के 53 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। साथ ही लाड़ली बहना योजना की 37वीं किस्त जारी करते हुए 1.25 करोड़ महिलाओं के खातों में 1835 करोड़ रुपये अंतरित किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना योजना तीसरे वर्ष में प्रवेश कर चुकी है और यह योजना अब महिलाओं के आत्मविश्वास और परिवार की आर्थिक मजबूती का प्रतीक बन गई है।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव केसली में आयोजित लाड़ली बहना सम्मेलन को संबोधित करते हुए
लाड़ली बहना योजना की 37वीं किस्त जारी, CM मोहन यादव ने दिए 1835 करोड़ रुपये

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस वर्ष “कृषक कल्याण वर्ष” मना रही है और किसानों के हित में सिंचाई, दुग्ध उत्पादन एवं खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में सिंचाई का रकबा 44 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 65 लाख हेक्टेयर तक पहुंच चुका है और सरकार का लक्ष्य इसे 100 लाख हेक्टेयर तक ले जाना है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से गरीबों, किसानों, महिलाओं और जनजातीय समाज को व्यापक लाभ मिल रहा है। उन्होंने धरती आबा योजना सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आवासहीनों को आवास, भूमिहीनों को पट्टे और महिलाओं को आर्थिक संबल मिल रहा है।

केसली में की कई बड़ी घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने केसली क्षेत्र के लिए अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने सांदीपनि विद्यालय सेकंड फेज प्रारंभ करने, विभिन्न शासकीय स्कूलों को हायर सेकेंडरी में उन्नत करने, देवरी में 100 बिस्तरों का अस्पताल प्रारंभ करने तथा कृषि उपज मंडी केसली का नाम रानी अवंतीबाई के नाम पर रखने की घोषणा की।

उन्होंने लगभग 550 करोड़ रुपये की लागत वाली थावरी जलाशय योजना को स्वीकृति देते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में कृषि क्रांति आएगी। साथ ही प्याज और लहसुन खरीदी केंद्र स्थापित करने, महाविद्यालयों में नए संकाय शुरू करने तथा देवरी नगर का नाम “देवपुरी” करने की घोषणा भी की।

लाड़ली बहनों पर की पुष्पवर्षा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर लाड़ली बहनों के बीच रैंप से जाकर पुष्पवर्षा की। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर महिलाओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम में महिलाओं ने “धन्यवाद लाड़ले भैया” लिखे पोस्टर दिखाकर आभार व्यक्त किया।

सितोलिया खेलकर किया ‘लाड़ली बहना खेल सप्ताह’ का शुभारंभ

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पारंपरिक खेल सितोलिया (पिट्टू) खेलकर ‘लाड़ली बहना खेल सप्ताह’ का शुभारंभ भी किया। मुख्यमंत्री को खेलते देख महिलाओं और युवाओं में उत्साह का माहौल बन गया। उन्होंने स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

हितग्राहियों को वितरित किए हितलाभ

कार्यक्रम में विभिन्न हितग्राहियों को सामग्री एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

इस अवसर पर खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, सांसद राहुल सिंह लोधी, विधायक ब्रज बिहारी पटेरिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button