कलेक्टर ने किया स्वास्थ्य तथा आंगनवाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण
मंडला यशो:- कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने मंगलवार को मंडला विकासखंड के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण करते हुए उप स्वास्थ्य केन्द्रों तथा आंगनवाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गर्भवती महिलाओं के एवं दवाईयाँ वितरण तथा शिशुओं के टीकाकरण के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने घर-घर सर्वे कर प्रत्येक गर्भवती महिलाओं का पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि गर्भवती महिलाओं की काउंसलिंग करते हुए उन्हें टीकाकरण तथा पोषण आहार का महत्व बतलाएं। भ्रमण के दौरान कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने विभिन्न ग्रामों में स्वास्थ्य सुविधाओं तथा पेयजल की उपलब्धता के संबंध में ग्रामीणों से फीडबैक लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम मंडला जेपी यादव, सीएमएचओ डॉ. केसी सरौते, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास शालिनी तिवारी, ईईपीएचई मनोज भास्कर सहित संबंधित उपस्थित रहे।उप स्वास्थ्य केन्द्र तिंदनी एवं खुकसर का निरीक्षण
उप स्वास्थ्य केन्द्र तिंदनी तथा खुकसर के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने स्वास्थ्य केन्द्र द्वारा प्रदाय की जा रही सेवाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सर्वे रजिस्टर प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उन्होंने अप्रसन्नता व्यक्त की। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि टीम बनाकर गांव का सर्वे करें। प्रत्येक गर्भवती महिलाओं का पंजीयन करते हुए अनमोल पोर्टल पर एंट्री करें तथा टीकाकरण की कार्यवाही सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने बच्चों के टीकाकरण एवं धात्री महिलाओं को दवाईयां वितरण के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य केन्द्रों में उपलब्ध दवाइयों के संबंध में भी जानकारी ली।