पूर्व में भी ले चुका है एक ग्रामीण की जान, मुख्यमंत्री ने की 15 लाख की सहायता व सरकारी नौकरी की घोषणा
Seoni 21 June 2025 सिवनी यशो:- बीते शुक्रवार 20 जून को बावनथड़ी ग्राम निवासी सुमित पंन्द्रे (उम्र लगभग 18 वर्ष) की बाघ के हमले में दर्दनाक मृत्यु हो गई थी। वह अपने साथियों के साथ दक्षिण सिवनी सामान्य वनमंडल के पिंडरई बुट्टे बीट के जंगल में मवेशी चरा रहा था, जब उस पर अचानक बाघ ने हमला कर दिया।
कैमरा ट्रैप में बाघ की पुष्टि
घटनास्थल के समीप लगे वन विभाग के कैमरा ट्रैप में बाघ की तस्वीरें स्पष्ट रूप से दर्ज हुईं। जांच में यह भी सामने आया है कि यही बाघ 30 नवंबर 2024 को इसी गांव के एक अन्य युवक की भी जान ले चुका है। हाल के सप्ताहों में यह बाघ कई बार ग्रामीणों और वनकर्मियों पर चार्ज कर चुका था, जिससे इलाके में दहशत का माहौल था।