सिवनी जिला शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, जिला परियोजना समन्वयक सहित सहायक संचालक बदले
स्कूल शिक्षा विभाग के आदेश जारी, कृष्ण कुमार डेहरिया बने जिला परियोजना समन्वयक, अविनाश दीक्षित को मिली सहायक संचालक की जिम्मेदारी, संयुक्ता उइके का भोपाल तबादला
सिवनी शिक्षा विभाग में फेरबदल, कृष्ण कुमार डेहरिया बने जिला परियोजना समन्वयक, अविनाश दीक्षित को DEO का अतिरिक्त प्रभार
सिवनी यशो:- मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने राज्यभर में शिक्षा विभाग के अधिकारियों के तबादले और पदस्थापना संबंधी आदेश जारी किए हैं। 30 जून 2026 को जारी आदेश के तहत सिवनी जिला शिक्षा विभाग में भी महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव किए गए हैं। इन परिवर्तनों से जिले की शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था में नई जिम्मेदारियों के साथ कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
जारी आदेश के अनुसार उमरिया जिले के जिला शिक्षा केन्द्र में पदस्थ जिला परियोजना समन्वयक श्री कृष्ण कुमार डेहरिया को स्थानांतरित कर जिला शिक्षा केन्द्र, सिवनी में जिला परियोजना समन्वयक पद पर पदस्थ किया गया है।
वहीं छिंदवाड़ा जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में पदस्थ सहायक संचालक श्री अविनाश दीक्षित का स्थानांतरण कर उन्हें कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी, सिवनी में सहायक संचालक के रूप में पदस्थ किया गया है। आदेश के अनुसार उन्हें सिवनी जिले के जिला शिक्षा अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
इसी क्रम में सिवनी में अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक के पद पर कार्यरत सहायक संचालक श्रीमती संयुक्ता उइके का स्थानांतरण लोक शिक्षण संचालनालय, भोपाल कर दिया गया है।
प्रशासनिक व्यवस्था को मिलेगी नई दिशा
शिक्षा विभाग के इस प्रशासनिक फेरबदल को जिले में शिक्षा संबंधी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रशासनिक कार्यों में गति लाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नए अधिकारियों के पदभार ग्रहण करने के बाद विभागीय कार्यप्रणाली में नई कार्ययोजना के साथ बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी इस आदेश में प्रदेशभर के 30 अधिकारियों के स्थानांतरण, पदस्थापना एवं अतिरिक्त प्रभार संबंधी निर्देश जारी किए गए हैं।



