सनसनी: खेल मैदान और कुंभ स्थल पर मिले शव, 24 घंटे में दो घटनाएं
महाराजपुर में युवक की हत्या की आशंका, नर्मदा किनारे युवक-युवती की रहस्यमयी मौत
मंडला, 31 मार्च 2026:
मंडला यशो:- मध्यप्रदेश के मंडला जिले में पिछले 24 घंटों के भीतर सामने आई दो अलग-अलग घटनाओं ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। महाराजपुर के खेल मैदान में एक युवक की रक्तरंजित लाश मिलने और नर्मदा किनारे कुंभ स्थल के पास युवक-युवती के शव बरामद होने से दहशत का माहौल है।

घटना 1: खेल मैदान में खून से लथपथ शव, हत्या की आशंका
महाराजपुर थाना क्षेत्र के खेल मैदान में सोमवार को एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान प्रभु मरावी (35 वर्ष) निवासी केहरपुर के रूप में हुई है, जो मजदूरी करता था।
शव पूरी तरह खून से सना हुआ था तथा सिर और गर्दन पर गहरे घाव पाए गए हैं। घटनास्थल के पास से मृतक की चप्पलें बरामद हुई हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।
घटना 2: कुंभ स्थल के पास युवक-युवती के शव, 5-6 दिन पुराना मामला
कोतवाली थाना क्षेत्र में नर्मदा नदी के कुंभ स्थल के पास झाड़ियों में एक युवक और युवती के शव संदिग्ध हालत में पाए गए।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों 24 मार्च से लापता थे। युवक की गुमशुदगी और युवती के अपहरण का मामला पहले ही महाराजपुर थाने में दर्ज था।
युवक का शव पेड़ से लटका मिला, जबकि युवती का शव पास ही क्षत-विक्षत हालत में पड़ा था। पुलिस का अनुमान है कि शव 5-6 दिन पुराने हैं।
जांच में कई एंगल, पुलिस जुटी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा एवं एसडीओपी पीयूष मिश्रा मौके पर पहुंचे। पुलिस प्रेम प्रसंग, हत्या सहित विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से क्षेत्र में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने शीघ्र खुलासे की मांग की है।





