भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार डंपर ने बस को मारी टक्कर, 1 की मौत, 15 घायल
महली उमरिया के पास आमने-सामने भिड़ंत, बस का अगला हिस्सा चकनाचूर
मंडला सड़क हादसा – ग्रामीणों और पुलिस की मदद से चला रेस्क्यू ऑपरेशन, घायलों का CHC घुघरी में इलाज जारी
मंडला, 31 मार्च 2026
मंडला यशो:- जिले के घुघरी थाना क्षेत्र अंतर्गत सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। ग्राम महली उमरिया के पास एक यात्री बस और तेज रफ्तार डंपर के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई।
इस मंडला सड़क हादसा में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लगभग 15 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
कुटरवानी से मंडला जा रही थी बस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस क्रमांक MP 51 P 0129 सुबह कुटरवानी (घुटास) से यात्रियों को लेकर मंडला की ओर रवाना हुई थी। सुबह करीब 8:30 से 9:00 बजे के बीच जैसे ही बस महली उमरिया के पास पहुँची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार और अनियंत्रित डंपर ने उसे सीधी टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय बस में 20 से अधिक यात्री सवार थे।
मंडला सड़क हादसा – ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
मंडला सड़क हादसा के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुँचे और घायलों को निकालने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलते ही डायल 112 और घुघरी पुलिस की टीम भी मौके पर पहुँच गई।
कड़ी मशक्कत के बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) घुघरी में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बेलगाम रफ्तार बन रही जानलेवा
जबलपुर-मंडला हाईवे सहित जिले की अन्य प्रमुख सड़कों पर इन दिनों तेज रफ्तार डंपरों का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रशासनिक सख्ती के दावे ज़मीनी स्तर पर बेअसर नजर आ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी वाहनों की लापरवाही और ओवरस्पीडिंग के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, जिससे आमजन में भारी आक्रोश है।





