WhatsApp Image 2026-03-17 at 4.22.34 PM (1)
छिंदवाड़ानरसिंगपुरबालाघाटमंडलामध्यप्रदेशराजनीतिसिवनी

केन्द्रीय राज्य मंत्री कुलस्ते की अध्यक्षता में जिलास्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक सम्पन्न

केन्द्रीय राज्य मंत्री कुलस्ते की अध्यक्षता में जिलास्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक सम्पन्न - Seoni News
सिवनी यशो:- जिला स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक केंद्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते की अध्यक्षता में शुक्रवार 07 जुलाई 23 को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में सांसद डॉ ढाल सिंह बिसेन, विधायक सिवनी दिनेश राय, विधायक केवलारी राकेश पाल, नगर पालिका अध्यक्ष शफीक खान, जनपद अध्यक्ष बरघाट, छपारा, धनौरा एवं नगर परिषद छपारा, लखनादौन, बरघाट सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं कलेक्टर क्षितिज सिंघल,अपर कलेक्टर सी एल चनाप, डीएफओ उत्तर एवं दक्षिण, अतिरिक्त कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ए.के.सिंह सहित सभी सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति रही।
बैठक में सर्वप्रथम केन्द्रीय मंत्री श्री कुलस्ते द्वारा पूर्व बैठक के पालन प्रतिवेदन के संबंध में विभागों द्वारा किए गए कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने जल जीवन मिशन अंतर्गत संचालित सिद्धघाट, संगमघाट और बंडोल जल प्रदाय योजना के कार्यों की प्रगति की समीक्षा के दौरान पूर्ण कार्यों एवं योजना से लाभांवित ग्रामों तथा योजना के लाभ से छूटे ग्रामों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने समय सीमा में कार्यों को पूर्ण न करने वाली संबंधित ऐजेंसियों को ब्लेक लिस्टेड करने, शेष छूटे ग्रामों को भी योजना में शामिल करते हुए अधिकारियों को जल जीवन मिशन योजना अंतर्गत प्रत्येक ग्राम के प्रत्येक घर तक पानी पहुँचने तथा जल जीवन मिशन योजना से लाभांवित ग्रामों भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
बैठक में केन्द्रीय मंत्री श्री कुलस्ते नें पीएमजीएसवाई एवं अन्य सड़क निर्माण विभाग के अधिकारियों से पुल-पुलियों, सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति की भी जानकारी लेते हुए कार्यों को गुणवत्ता के साथ करने तथा क्षेत्रीय विधायकों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा उनके क्षेत्र स्थित कुछ ग्रामों में सुदूर सड़क एवं पुल-पुलियां के निर्माण हेतु प्रस्ताव शासन प्रेषित करने के निर्देश संबंधित विभागाधिकारियों को दिए। इसी तरह केन्द्रीय मंत्री श्री कुलस्ते द्वारा वर्तमान में जिले बोए क्षेत्रफल का रकबा, उगाई जाने वाली फसलों की जानकारी तथा खाद-बीज उपलब्धता की जानकारी प्राप्त की, उन्होंने सभी कृषकों को पात्रतानुसार खाद- बीज प्रदाय करने के निर्देश दिए। जनप्रतिनिधियों द्वारा मक्का बीज एडवान्टा-247 के अंकुरित न होने की जानकारी से केन्द्रीय मंत्री श्री कुलस्ते को अवगत कराया गया, जहां मंत्री श्री कुलस्ते ने उक्त बीज विक्रय पर त्वरित प्रतिबंध लगाने तथा सेंपल जांच कराते हुए संबंधित कंपनियों पर कार्यवाही करने के निर्देश कृषि विभाग के अधिकारियों को दिए।
केन्द्रीय मंत्री श्री कुलस्ते ने उत्तर एवं दक्षिण वनमंडल अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं प्रगतिरत पुल पुलिया, सड़क निर्माण कार्यों की जानकारी प्राप्त की। इसी तरह विभाग द्वारा वर्तमान समय में रोपित किये जा रहे पौधों, पौधों की प्रजाति, रोपित रकबा तथा विभाग द्वारा काष्ठ विक्रय, तेंदु पत्ता सहित अन्य संसाधन से प्राप्त राजस्व की जानकारी प्राप्त की तथा लाभांश राशि से फारेस्ट अंतर्गत पडऩे वाले ग्रामों में विकास कार्य करवाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इसी तरह उन्होंने बांस से विभिन्न सामग्री निर्माण कर जीवन यापन करने वाले व्प्यक्तियों को पर्याप्त मांगानुरूप बांस उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में सांसद श्री ढालसिं?ह बिसेन द्वारा वन विभाग के अधिकारियों को ग्रामीणों रोजगार उपलब्ध कराने की दृष्टि से ग्रामीणों को शहद का उत्पादन एवं जंगलों में लगने वाली मधुमख्खियों को तोडऩे का प्रशिक्षण प्रदाय कराने की बात कही, ताकि ग्रामीण शहद विक्रय कर एक अच्छी आय प्रापत कर सकें।
बैठक में उपस्थित अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा भी अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं से केन्द्रीय मंत्री श्री कुलस्ते को अवगत कराया गया। जहां मंत्री श्री कुलस्ते ने संबंधित विभागाधिकारियों को त्वरित समस्याओं का अवलोकन करते हुए निराकरण करने के निर्देश दिए गए। इसी तरह केन्द्रीय मंत्री श्री कुलस्ते द्वारा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं प्रगतिरत कार्यों की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। इसी तरह उन्होंने विगत दिवस लखनादौन में हुई अति वर्षा में जनहानि, पशु हानि सहित अन्य नुकसानी का सर्वे कार्य करवाकर त्वरित आर्थिक सहायता राशि प्रदाय करवाने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में कलेक्टर श्री सिंघल द्वारा केन्द्रीय मंत्री श्री कुलस्ते को लाड़ली बहना योजना के क्रियान्वयन एवं योजना से लाभांवित महिलाओं की जानकारी दी गई। बैठक में कलेक्टर श्री सिंघल ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों को भारत सरकार द्वारा अनाथ, निर्धन, असहाय बच्चे के समग्र विकास, शिक्षा व्यवस्था हेतु संचालित मिशन वात्सलय योजना की विस्तृत जानकारी दी गई तथा जनप्रतिनिधियों से स्थानीय स्तर पर उक्त योजना से योजना के पात्रताधारी बच्चों का अधिक से अधिक संख्या चिन्हांकन कराकर योजना से लाभांवित करने की अपील करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश जिला कार्यक्रम अधिकारी, सीएमओ एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को दिए।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!