शिकारा-रामटेक नई रेल लाइन की मांग को लेकर रेल विकास समिति सक्रिय, सांसद भारती पारधी को सौंपा ज्ञापन
Seoni 18 June 2025
सिवनी यशो :- सिवनी रेल विकास समिति ने जबलपुर (शिकारा) से रामटेक (नागपुर) तक 180 किमी. लंबी नवीन रेल लाइन निर्माण की पुरज़ोर मांग को लेकर अपनी गतिविधियाँ तेज कर दी हैं। हाल ही में समिति ने बालाघाट-सिवनी सांसद श्रीमती भारती पारधी को ज्ञापन सौंपते हुए इस प्रस्तावित रेल परियोजना की महत्ता से अवगत कराया।
सांसद श्रीमती पारधी को सौंपे गए पत्राचार में समिति ने रेल मंत्रालय एवं दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के डीआरएम से अपेक्षा की है कि इस मार्ग का निरीक्षण एवं निर्माण शीघ्र अनुमोदित किया जाए, जिससे इस पूरे अंचल को सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक एवं धार्मिक दृष्टि से अप्रत्याशित लाभ मिल सके।
प्रस्तावित रेल मार्ग का लाभ
वर्तमान में जबलपुर-नागपुर मार्ग की लंबाई 395 से 543 किमी. के बीच है, जबकि यह नया मार्ग 284 किमी. में ही यात्रा पूर्ण करवा सकता है।
इससे न केवल 110 से 253 किमी. की दूरी की बचत होगी, बल्कि 6 घंटे तक की यात्रा अवधि भी घटेगी।
यह मार्ग बुंदेलखंड, विंध्य, महाकौशल, रामटेक और दक्षिण भारत को जोडऩे वाला एक वैकल्पिक और रणनीतिक मार्ग सिद्ध होगा।
राष्ट्रीय हित से जुड़ा विषय:
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि आपात स्थिति या युद्ध जैसे हालातों में यह सीधा मार्ग रणनीतिक दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण होगा। साथ ही, यह रेल मार्ग 6 राज्यों की राजधानियों और लगभग 100 लोकसभा क्षेत्रों को एक-दूसरे से जोडऩे में मददगार साबित होगा।
पर्यटन और तीर्थ के लिए वरदान:
भेड़ाघाट, पेंच और कान्हा जैसे पर्यटन स्थलों को सुगम पहुंच मिलेगी।
धार्मिक दृष्टि से रामटेक, बनारस, अयोध्या, चित्रकूट, रामेश्वरम जैसे स्थानों तक यात्रा सुलभ होगी।
प्रतिनिधियों की उपस्थिति:
इस अवसर पर रेल विकास समिति के प्रतिनिधि – घनश्याम सनोडिया अध्यक्ष, तरूण मुनिया टांक सचिव, विनय सराफ संयोजक , दीपक मेंहदीरत्ता कोषाध्यक्ष,अंचल चौरसिया युवा अध्यक्ष, सत्यम सूर्यवंशी मीडिया प्रभारी, राज साहू, राज कश्यप आदि सदस्य शामिल रहे ।
रेल विकास समिति ने अपनी ओर से स्पष्ट किया कि वे लगातार जनसमर्थन, विभागीय पत्राचार और राजनैतिक सहयोग से इस योजना को मूर्तरूप दिलाने के लिए संकल्पित हैं।



