मेरा विद्यालय, मेरा स्वाभिमान” कार्यक्रम: 1 सितंबर को सभी विद्यालयों में होगा आयोजन, विधायक ने किया संकल्प पत्र का विमोचन
शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन और संसाधनों के संरक्षण का लिया जाएगा संकल्प

Seoni 31 August 2025
सिवनी यशो :-1 सितंबर को मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार “मेरा विद्यालय, मेरा स्वाभिमान” कार्यक्रम का आयोजन सभी शासकीय और अशासकीय विद्यालयों में किया जाएगा। इसके लिए शासन ने आधिकारिक पत्र जारी कर दिया है।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत प्रार्थना सभा में शिक्षक और छात्र संयुक्त रूप से संकल्प पत्र का वाचन करेंगे। इसमें विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन, परीक्षा परिणाम, पर्यावरण सौंदर्य, चरित्र निर्माण, सेवा-समर्पण, संस्कार और भेदभाव रहित वातावरण पर जोर दिया जाएगा।
संकल्प और उद्देश्य
संकल्प पत्र में यह संदेश दिया जाएगा कि विद्यालय के संसाधनों को राष्ट्रधन मानकर उनके संरक्षण और संवर्धन के लिए सभी मिलकर कार्य करें। विद्यार्थी और शिक्षक मिलकर अपने विद्यालय को श्रेष्ठतम श्रेणी का विद्यालय बनाने का प्रयास करेंगे।
शिक्षक संघ और जनप्रतिनिधियों की अपील
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए मध्यप्रदेश शिक्षक संघ ने अपील की है। इस अवसर पर विधायक श्री दिनेश राय ‘मुनमुन’, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष व भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन, जिला शिक्षा अधिकारी श्री शिवसिंह कुमरे और वरिष्ठ प्राचार्यों की उपस्थिति में संकल्प पत्र का विमोचन किया गया।
शिक्षक संघ ने सभी विद्यालय प्रमुखों से आग्रह किया है कि वे इस कार्यक्रम को पूरी जिम्मेदारी और उत्साह के साथ संपन्न करें ताकि शासन की उत्कृष्ट मंशा को सफल बनाया जा सके।



