सिवनी यशो :- जिले में एक बार फिर नाबालिग बालिका के सोशल मीडिया के दुरुपयोग का गंभीर मामला सामने आया है। महिला थाना सिवनी में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार एक युवक ने पहले वीडियो कॉलिंग के माध्यम से नाबालिग से बातचीत की और उसी दौरान उसकी आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड कर ली। बाद में आरोपी ने उक्त वीडियो को सोशल मीडिया के माध्यम से विभिन्न लोगों को प्रसारित कर दिया।
पीड़िता को जब इस घटना की जानकारी हुई तो वह मानसिक रूप से अत्यंत परेशान हो गई। परिजनों को आपबीती बताने के बाद महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई गई, जिस पर पुलिस ने तत्काल प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की।
एसपी के निर्देश पर साइबर अपराध की सख्त मॉनिटरिंग
जिले के पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता द्वारा महिला संबंधी अपराधों एवं साइबर अपराधों की सतत मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं। आदेश के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा एवं नगर पुलिस अधीक्षक सचिन परते के मार्गदर्शन में महिला थाने में प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
आईटी एक्ट एवं बाल संरक्षण कानून के तहत कार्रवाई
पुलिस द्वारा नाबालिग की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जा रही है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट्स एवं डिजिटल रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। मामले में आईटी एक्ट एवं बाल संरक्षण अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। दोषी पाए जाने पर विधि अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की अपील: सोशल मीडिया उपयोग में बरतें सतर्कता
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया का उपयोग करते समय विशेष सतर्कता बरतें। किसी भी प्रकार के साइबर अपराध, ब्लैकमेलिंग अथवा आपत्तिजनक सामग्री से संबंधित घटना होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें तथा स्वयं किसी भी प्रकार के साइबर अपराध में संलिप्त होने से बचें।



