भीषण जल संकट की आहट, विधायक दिनेश राय ने किया डेम का निरीक्षण
Seoni 10 April 2025
सिवनी यशो:- गुरुवार 10 अप्रैल को सिवनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक दिनेश राय मुनमुन ने भीमगढ़ डेम का निरीक्षण किया। डेम में पेयजल के लिये जो निर्धारित पानी का स्टोर रहना चाहिये वह नहीं है । विधायक ने स्पष्ट पर तौर पर इस स्थिती को भांप लिया है कि आगामी समय पेयजल की स्थिती बहुत गंभीर होने वाली है और अनुमान है कि इस वर्ष भीषण गर्मी रहेगी । आगामी समय में सिवनी नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भीषण जलसंकट की स्थिती स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है और सिवनी विधायक को जल संकट ग्रस्त क्षेत्रवासियों की समस्याओं का सामना करना है जिसके लिये विधायक का चिंतित होना स्वाभाविक है ।
अभी ग्रीष्मकाल की शुरूवात ही हुई है और क्षेत्र मे पेयजल की सप्लाई बुरी तरह से चरमरा गयी है अनेक ग्रामों से शिकायते आ रही है और सिवनी के वार्डो में भी पेयजल की सुचारू आपूर्ति ध्वस्त होने से जनता परेशान है । ग्रामीण क्षेत्रों के जन प्रतिनिधि और वार्डो के पार्षद सहित आमजन विधायक से एक ही बात समस्या का रोना रहे है कि उनके यहाँ पानी की सप्लाई सही ढंग से नहीं हो रही है ।
पिछले दिनो सिवनी नगर पालिका अध्यक्ष शफीक खान भी इस बात को स्पष्ट कर चुके है कि भीमगढ़ डेम में पर्याप्त पानी का स्टाक नहीं है पार्षदों का दल भीमगढ़ बांध का निरीक्षण कर चुका है । सिवनी के साथ ही बालाघाट जिले की सिंचाई व्यवस्था सहित पेयजल की बड़ी आपूर्ति भीमगढ़ बांध के पानी से ही होती है और भीमगढ़ बांध में जल स्तर कम होना निश्चित तौर पर चिंता का विषय है ।
सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन ने संबंधित अधिकारियों के साथ जाकर वस्तुस्थिती का अवलोकन किया तो पाया है कि बांध में जल स्तर बेहद कम हो चुका है अधिकारी विधायक के प्रश्रों का जबाव देने में पसीना छोड़ते हुये नजर आये । भीमगढ़ डेम से नगर पालिका सिवनी एवं सामूहिक नल-जल योजना ग्रामीण क्षेत्र के लिए उपलब्ध पेयजल हेतु स्टोर पानी का निर्धारित गेज से कम होने की मिल रही शिकायतों को लेकर विधायक दिनेश राय मुनमुन ने दोपहर 12:00 बजे भीमगढ़ डेम का दौरा कर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान श्री राय ने अधिकारियों के साथ सूख चुके डेम के अंदर पैदल आर-पार चलकर निकले तथा उपस्थित विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों से जानकारी प्राप्त की ।
इसके साथ ही विधायक श्री राय ने बताया कि विभागीय अधिकारियों द्वारा मैनेजमैंट मे लापरवाही बरतते हुए नहरों मे कम पानी छोड़कर नदियों मे जबरदस्ती दुरूपयोग कर पानी बहा दिया गया। जिसके वजह से डेम सूख गया है एवं बालाघाट के किसानों को भी ठीक से पानी नहीं मिला पाया तथा सिवनी नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों मे पेयजल की समस्या उत्पन्न हो गयी है। इसके साथ ही श्री राय ने बताया कि डेम के अंदर ही 500 मीटर बाद पानीं की धार टूट गयी। इसके पश्चात विधायक श्री राय ने ग्राम खामखरेली पहुंचकर पेंच नहर अंतर्गत नवनिर्मित पुलिया का निरीक्षण किया।







