जनसुनवाई में विधायक दिनेश राय मुनमुन ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं
अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश, दूर-दराज से पहुंचे लोगों से किया आत्मीय संवाद
सिवनी यशो :- सिवनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक दिनेश राय मुनमुन ने मंगलवार को प्रातः 11 बजे अपने कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न दूर-दराज के गांवों से आए नागरिकों से आत्मीय संवाद किया तथा उनकी समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना।

जनसुनवाई में बड़ी संख्या में लोगों ने व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक हित से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। विधायक ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
समयबद्ध निराकरण के दिए निर्देश
विधायक दिनेश राय मुनमुन ने अधिकारियों से कहा कि प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचना चाहिए तथा प्रशासनिक स्तर पर जनसमस्याओं के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।
जनसेवा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
इस अवसर पर विधायक दिनेश राय मुनमुन ने कहा कि जनसेवा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान कराने के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि जन-आकांक्षाओं को पूरा करने तथा प्रत्येक नागरिक की समस्या का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे।



