विधायक दिनेश राय मुनमुन ने क्रीड़ा भारती प्रशिक्षण वर्ग में की सहभागिता
शुभकामनाओं के साथ किया उद्घाटन,

सुभाष वार्ड पहुंचकर दिवंगत मासूमों के परिजनों से की मुलाकात
सिवनी, 19 जुलाई 2025।
सिवनी यशो – शनिवार को सिवनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक दिनेश राय मुनमुन ने नगर के बारापत्थर स्थित पवार भवन में आयोजित क्रीड़ा भारती महाकौशल प्रांत के प्रांत क्रीड़ा केंद्र प्रमुख प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। उन्होंने सर्वप्रथम पवनपुत्र हनुमान जी की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर क्रीड़ा भारती के जिला अध्यक्ष श्री मनीष मोनू मिश्रा एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा विधायक श्री मुनमुन का शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। विधायक ने प्रशिक्षण में आए प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं और इस प्रकार के आयोजनों को युवाओं के व्यक्तित्व विकास में सहायक बताया।
उद्घाटन समारोह में अनेक गणमान्य हुए उपस्थित
इस गरिमामय आयोजन में क्रीड़ा भारती के अखिल भारतीय क्रीड़ा केंद्र प्रमुख अशोक (तमिलनाडु), नियामक मंडल सदस्य भीष्म सिंह राजपूत, क्षेत्र संयोजक मध्य क्षेत्र अनंत डीके, जिला पवार अध्यक्ष हराकचंद टेम्भरे, प्रांत अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह, प्रांत मंत्री डॉ. राकेश त्रिपाठी, प्रांत सहमंत्री एवं क्रीड़ा केंद्र प्रमुख देवेंद्र सिंह ठाकुर, प्रांत संगठन मंत्री कौशलेंद्र जी प्रांत कोष प्रमुख प्रकाश जी जनभागीदारी समिति अध्यक्ष अजय बाबा पांडे, एवं विभाग संयोजक सत्येंद्र भालेकर सहित अनेक प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जिला स्तरीय नेतृत्व में मनीष मोनू मिश्रा, संजय बघेल, महेंद्र बघेल, महेंद्र कटरे सहित प्रांत से पधारे अन्य पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
विधायक ने किया शोकाकुल परिवार से भेंट, सुरक्षा और सहायता का दिया आश्वासन
प्रशिक्षण कार्यक्रम उपरांत विधायक श्री मुनमुन, सिवनी नगर के सुभाष वार्ड स्थित श्रीमती पूजा ढाकरिया के निवास पहुंचे, जहाँ उन्होंने बीते दिनों निर्मम हत्या के शिकार मासूम दिव्यांश एवं मयंक के परिजनों से भेंट की।

उन्होंने परिवारजनों के प्रति गहरी शोक संवेदनाएं प्रकट करते हुए, मिल रही धमकियों के संबंध में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा कर सुरक्षा उपलब्ध कराने की बात कही। साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहयोग किए जाने का भी भरोसा दिलाया।
ज्ञात हो, कि यह जघन्य हत्या कांड पूरे जिले को झकझोरने वाला बन चुका है। नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों की ओर से पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की माँग लगातार उठाई जा रही है।



