पीजी कॉलेज मैदान में विशाल इनामी दंगल, विधायक दिनेश राय मुनमुन का बड़ा ऐलान
कुश्ती केवल खेल नहीं, अनुशासन–धैर्य–शक्ति की परंपरा है: दिनेश राय मुनमुन
Seoni 18 January 2026
सिवनी यशो:- सिवनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक दिनेश राय मुनमुन के मुख्य आतिथ्य में रविवार 18 जनवरी 2026 को जिला मुख्यालय स्थित पीजी कॉलेज मैदान में भैरोगंज दंगल आयोजन समिति द्वारा विशाल इनामी दंगल का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पहुंचने पर आयोजन समिति ने विधायक मुनमुन का शाल, श्रीफल एवं पुष्पमालाओं से आत्मीय स्वागत किया।
विधायक दिनेश राय मुनमुन के करकमलों से फीता काटकर दंगल का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उन्होंने पहलवानों एवं दर्शकों को संबोधित करते हुए कहा कि कुश्ती केवल एक खेल नहीं बल्कि हमारे अनुशासन, धैर्य और शक्ति का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि जब पहलवान अखाड़े की मिट्टी अपने माथे से लगाता है, तो वह केवल जीत के लिए नहीं बल्कि अपनी मेहनत और गुरु के सम्मान के लिए लड़ता है। आज के समय में जब युवा मोबाइल और तकनीक में उलझते जा रहे हैं, तब अखाड़े की यह मिट्टी हमें शारीरिक सौष्ठव, संयम और अनुशासन का संदेश देती है।
विधायक श्री मुनमुन ने कहा कि-
जीत-हार खेल का हिस्सा है, लेकिन जो अखाड़े में उतरता है वही असली विजेता होता है।
उन्होंने सभी पहलवानों से खेल भावना के साथ कुश्ती लड़ने और
अपनी मेहनत को देश के लिए पदक जीतने का माध्यम बनाने का आह्वान किया।
इंटरनेशनल दंगल कराने का बड़ा ऐलान
अपने संबोधन में विधायक दिनेश राय मुनमुन ने सिवनी विधानसभा क्षेत्र के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाले दंगल आयोजकों से अपील करते हुए बड़ा ऐलान किया।

उन्होंने कहा कि-
यदि सभी दंगल समितियां उनसे पुरस्कार या सहयोग राशि लेना बंद कर दें और सहमति दें,
तो वे हर वर्ष सिवनी विधानसभा में अपने निजी व्यय से एक इंटरनेशनल दंगल आयोजित कराएंगे,
जिसमें किसी से भी कोई दान या सहयोग नहीं लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन का संचालन विधानसभा क्षेत्र की सभी दंगल समितियां मिलकर करेंगी,
जिससे स्थानीय पहलवानों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवानों से सीखने और प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलेगा।

अंत में विधायक श्री मुनमुन ने भूरा पहलवान एवं समस्त आयोजन समिति को इस परंपरागत खेल को जीवित रखने के लिए साधुवाद दिया तथा
सभी पहलवानों को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
कार्यक्रम में शंकर माखीजा,
अनीश बघेल,
प्रकाश पहलवान,
कल्लू पहलवान,
नवीन चक्रानी,
विशाल चंद्रहास,
मिन्टू पहलवान सहित जनप्रतिनिधि,
दंगल समितियों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कुश्ती प्रेमी दर्शक उपस्थित रहे।



