सांसद भारती पारधी का सिवनी दौरा: पत्रकारों से सौजन्य भेंट, विकास पर किया संवाद
सांसद भारती पारधी का सिवनी दौरा, पत्रकारों से की सौजन्य भेंट
Seoni 17 June 2025
सिवनी यशो:- बालाघाट-सिवनी सांसद श्रीमती भारती पारधी ने मंगलवार को सिवनी जिला मुख्यालय स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से सौजन्य भेंट की। यह पहली बार था जब वे लोकसभा चुनाव में विजय के पश्चात पत्रकारों से रूबरू हुईं।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन, सिवनी विधायक दिनेश राय ‘मुनमुन’, भाजपा जिला उपाध्यक्ष संतोष अग्रवाल, सिवनी उत्तर नगर मंडल अध्यक्ष संजय सोनी,अजय बाबा पांडेय भाजपा नगर मंडल दक्षिण के उपाध्यक्ष श्री राजेश ‘राजू’ यादव, भाजपा मीडिया प्रभारी श्रीकांत अग्रवाल एवं सह मीडिया प्रभारी मनोज मर्दन त्रिवेदी भी उपस्थित रहे।
सांसद श्रीमती पारधी ने पत्रकारों से परिचय प्राप्त करते हुए सौहार्दपूर्ण वातावरण में चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है, और बालाघाट-सिवनी क्षेत्र भी विकास की इस धारा से अछूता नहीं है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वे “सोशल मीडिया की राजनीति” से अधिक वास्तविक कार्य को प्राथमिकता देती हैं। आने वाले समय में उनके प्रयासों का ठोस परिणाम धरातल पर दिखाई देगा। उन्होंने कहा, “सिवनी मेरी प्राथमिकता में है और मैं यहां के लिए यथासंभव अधिक कार्य करना चाहती हूं। जनता ने जो अवसर दिया है, उसका पूरा उपयोग सार्थक कार्यों में किया जाएगा। जनहित में जो भी सुझाव प्राप्त होंगे, उन्हें लागू करने का पूरा प्रयास करूंगी।”
रेल सुविधाओं में हुई बढ़ोतरी का उल्लेख करते हुए सांसद ने कहा कि भविष्य में इन सुविधाओं को और बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने विधायक दिनेश राय ‘मुनमुन’ की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे विकास के प्रत्येक मुद्दे पर अत्यंत सक्रिय हैं, और उनकी ऊर्जा का सिवनी को भरपूर लाभ मिल रहा है। “मैं उनके प्रयासों में हर संभव सहयोग दूंगी,” उन्होंने जोड़ा।
चर्चा के दौरान पत्रकारों ने भी सांसद से खुलकर संवाद किया। भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती बिसेन एवं विधायक श्री राय ने पत्रकारों की बातों को गंभीरता से सुना। इस सौजन्य भेंट में गंभीर विषयों के साथ-साथ हल्के-फुल्के हास्य-विनोद के क्षण भी शामिल रहे।
अंत में सांसद श्रीमती पारधी ने पत्रकारों से अपेक्षा जताई कि आने वाले समय में वे उपयोगी सुझाव देते रहेंगे, जिससे आम जनता को अधिक लाभ मिल सके।




