मध्यप्रदेशछिंदवाड़ा

सांसद बंटी विवेक साहू ने भोपाल में मंत्रियों से की मुलाकात, छिंदवाड़ा-पांढुर्णा के विकास कार्यों पर हुई अहम चर्चा

पंचायत, जल संसाधन, महिला एवं बाल विकास और खेल मंत्री से मिले सांसद; खापाकला की क्षतिग्रस्त पुलिया के निर्माण का रास्ता साफ होने की उम्मीद

सांसद बंटी विवेक साहू ने मंत्रियों से की मुलाकात, छिंदवाड़ा-पांढुर्णा के विकास पर चर्चा

Seoni 18 August 2026
छिंदवाड़ा यशो:- छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिलों के विकास को लेकर सांसद बंटी विवेक साहू लगातार सक्रिय हैं। अपने दो वर्ष के कार्यकाल में दोनों जिलों के लिए करोड़ों रुपये के विकास कार्यों को स्वीकृति दिलाने के साथ उन्हें धरातल पर शुरू कराने के प्रयासों के बाद सांसद ने अब लंबित और प्रस्तावित कार्यों को गति देने के लिए भोपाल में विभिन्न विभागों के मंत्रियों से मुलाकात की।

सोमवार को भोपाल प्रवास के दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने सुबह से शाम तक विभिन्न विभागों के मंत्रियों से मुलाकात कर छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिलों के विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने संबंधित कार्यों के संबंध में मंत्रियों को पत्र भी सौंपे और शीघ्र स्वीकृति एवं क्रियान्वयन का आग्रह किया।

सांसद के प्रयासों से जनपद पंचायत छिंदवाड़ा की ग्राम पंचायत खापाकला में क्षतिग्रस्त पुलिया के निर्माण का कार्य भी जल्द शुरू होने की उम्मीद है। ग्रामीणों की सुविधा और आवागमन को देखते हुए इस कार्य को सांसद ने प्राथमिकता से उठाया है।

चार मंत्रियों से की मुलाकात

भोपाल प्रवास के दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया और खेल मंत्री कैलाश विश्वास सारंग से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दोनों जिलों से जुड़े विकास कार्यों, लंबित प्रस्तावों और आवश्यक सुविधाओं को लेकर चर्चा की।

मंत्रियों ने सांसद को विकास कार्यों के संबंध में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। सांसद ने कहा कि छिंदवाड़ा और पांढुर्णा के विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार के स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं तथा जनता से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लालसिंह आर्य से सांसद बंटी विवेक साहू की मुलाकात
सांसद बंटी विवेक साहू ने मंत्रियों से की मुलाकात, छिंदवाड़ा-पांढुर्णा के विकास पर चर्चा

नवनियुक्त राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लालसिंह आर्य से भी मिले

सांसद बंटी विवेक साहू ने भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लालसिंह आर्य से भी मुलाकात की। इसके अलावा उन्होंने पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार से भी भेंट की। मुलाकात के दौरान संगठनात्मक विषयों के साथ ही क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय झांझरी, नीरज भारद्वाज और राहुल वर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button