सांसद फग्गनसिंह कुलस्ते और विधायक रजनीश पर जमकर बरसे किसान, किया चका जाम
किसानों की हो रही फसले बर्बाद, सिंचाई के लिये नहीं मिल रहा पानी
Seoni 22 February 2025
सिवनी यशो:-रबी फसल की सिंचाई के लिये किसानों को पानी नहीं मिलने से किसानों में भारी नाराजगी का बनी हुई है और किसान सड़को पर आकर आंदोलन कर रहे है । केवलारी – पलारी क्षेत्र के किसान पानी न मिलने से अपनी फसल बर्बाद होते देख रहे है और जलसंसाधन विभाग के अधिकारियों एवं प्रशासन से अपने जनप्रतिनिधियों के साथ आवेदन निवेदन कर रहे है परंतु किसानों की समस्या का समाधान नहीं हो रहा जिससे नाराज किसानों ने शुक्रवार को सिवनी-मंडला मार्ग पर चक्काजाम कर दिया । घंटों जाम से बिगड़ी स्थिती को सुधारने के लिये प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुँचे और किसानों से चर्चा कर आंदोलन को शांत कराया गया ।
केवलारी तहसील में संजय सरोवर भीमगढ़ बांध से किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जाता है, लेकिन किसानों का आरोप है कि प्रशासन की लापरवाही के चलते टेल क्षेत्र के कई गांवों में पानी नहीं पहुंच रहा। इस कारण उनकी फसलें सूखने की कगार पर हैं। किसान अपने बड़े नुकसान से बेहद नाराज है उन्होंने सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ सिवनी-मंडला मार्ग को जाम कर दिया
“प्रदर्शन के दौरान किसान इतने आक्रोशित थे कि मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।”लगभग तीन घंटे तक चले इस चक्काजाम के दौरान एसडीएम महेश अग्रवाल और जल संसाधन विभाग के अधिकारी विनोद उईके मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने की कोशिश की। किसानों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए प्रशासन ने 10 दिनों के भीतर पानी की समस्या का हल निकालने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।
“हालांकि, किसानों ने साफ कर दिया है कि अगर समय पर वादे पूरे नहीं हुए, तो वे फिर से उग्र आंदोलन करेंगे।
किसानों ने इस पूरे मामले में स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर भी निशाना साधा। प्रदर्शनकारियों ने विधायक ठाकुर रजनीश सिंह और सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते पर किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि”जब इन्हें वोट चाहिए होते हैं, तब ये नेता हमारे पास आते हैं, लेकिन अब जब हमारी फसलें सूख रही हैं, तब कोई नहीं दिख रहा। किसानों ने सांसद कुलस्ते एवं विधायक पर जमकर गुस्सा निकाला ।
अब देखना होगा कि प्रशासन अपने वादों पर कितना खरा उतरता है और किसानों की मांगों को कितना जल्द पूरा किया जाता है। अन्यथा, यह आंदोलन और बड़ा रूप ले सकता है।
इनका कहना है
हमारे बांध में ेजब तक पानी है हम किसानों को टेल तक पानी पहुँचाते रहेंगे । किसानों से आग्रह है कि नहरों में मोटरे लगाकर पानी के प्रवाह को बांधित न करें इसके लिये पेट्रोलिंग भी की जायेगी ।
विनोद उईके
कार्यपालन यंत्री सिंचाई विभाग
किसानों से बात हुई है किसानेां ने आंदोलन समाप्त कर दिया है, सिंचाई विभाग के अधिकारियों से भी मेरी बात हुई है और किसानों को टेल तक पानी पहुँचाने के लिये विभाग ने पेट्रोलिंग करने की बात कही है । किसानों को पर्याप्त पानी दिया जायेगा ।
महेश अग्रवाल
एस डी एम केवलारी
दांयी तट नहर एवं बांयी तट नहर में चार हजार से अधिक किसान मोटर पंप लगाकर पानी ले रहे है । किसान मोटर पंप बंद कर दें तो सभी को बराबर पानी मिल सकता है। किसानों को टेल तक तीन पानी दिये जा चुके है चौथा पानी चल रहा है । हमारे पास किसानों के पंचनामा है । किसानों की आपस में नहीं बनती तो हम क्या करें । छींदा एवं ग्वारी के किसानों को एक साथ पानी नहीं दिया जा सकता परंतु दोनों स्थानों के किसान एक साथ पानी चाहते है और यदि एक साथ पानी चालू किया जाये तो नहर फूट सकती है ।
अशोक डहेरिया
मुख्य अभियंता
सिंचाई विभाग बैनगंगा कछार सिवनी





