सांसद ने दो मरीजों को दिलाई 85 हजार की आर्थिक सहायता
Chhindwara 19 June 2025
छिंदवाड़ा यशो:-सांसद बंटी विवेक साहू के प्रयासों से जरूरतमंद मरीजों को उपचार के लिए आर्थिक सहायता दिलाने का क्रम सतत जारी है। आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों एवं उनके परिजनों द्वारा लगातार सांसद श्री साहू से संपर्क कर मुख्यमंत्री सहायता मद से सहयोग की मांग की जा रही है। सांसद श्री साहू इन सभी प्रार्थनाओं पर गंभीरतापूर्वक विचार कर तत्काल पहल भी कर रहे हैं।
इसी क्रम में हाल ही में जुन्नारदेव के वार्ड क्रमांक 9 निवासी अनिल पिता रमेश दर्शमा तथा भीमालगोंदी के वार्ड क्रमांक 6 निवासी चिरकुटिया पिता शालिकराम शीलू ने गंभीर बीमारी के इलाज में असमर्थता जताते हुए सांसद श्री साहू से आर्थिक मदद की गुहार लगाई थी।
सांसद श्री साहू ने दोनों ही मामलों को संज्ञान में लेते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर आवश्यक सहयोग का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संवेदनशीलता दिखाते हुए स्वेच्छानुदान मद से अनिल दर्शमा को 50,000 तथा चिरकुटिया शीलू को 35,000 की आर्थिक सहायता स्वीकृत की।
इस सहायता से दोनों मरीजों के परिजनों ने राहत की सांस ली है और मुख्यमंत्री एवं सांसद के प्रति आभार व्यक्त किया है। सांसद श्री साहू ने कहा कि वे सदैव जनसेवा के लिए प्रतिबद्ध हैं और हर ज़रूरतमंद तक मदद पहुँचाना उनका कर्तव्य है।



