नपा अध्यक्ष पर महिला सम्मान से खिलवाड़ ! आरोप
धारा 164 में बयान दर्ज, IT एक्ट का तीसरा मामला-पुराना आपराधिक रिकॉर्ड फिर खुला
Chhindwara 06 February 2026
छिंदवाड़ा यशो:- परासिया नगर पालिका अध्यक्ष विनोद मालवीय एक बार फिर गंभीर विवादों के केंद्र में आ गए हैं। एक महिला द्वारा कथित तौर पर अश्लील संदेश भेजने और छेड़छाड़ के आरोप लगाए गए हैं, जिनके संबंध में पीड़िता ने न्यायालय में धारा 164 दंड प्रक्रिया संहिता के तहत अपने बयान दर्ज कराए हैं। इसके बाद यह मामला और अधिक संवेदनशील एवं गंभीर हो गया है।
कानूनी प्रक्रिया के इस महत्वपूर्ण चरण के बाद नगर में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार, यह आईटी एक्ट के अंतर्गत विनोद मालवीय के खिलाफ तीसरा प्रकरण बताया जा रहा है। इससे पूर्व एक मामले में वे जेल जा चुके हैं, जबकि दूसरा प्रकरण वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है।
विधि विशेषज्ञों का कहना है कि यदि समान प्रकृति के अपराध बार-बार सामने आते हैं, तो आईटी एक्ट में कठोर दंड का प्रावधान है। ऐसे में यह मामला न केवल कानूनी बल्कि सार्वजनिक पद की गरिमा और महिला सम्मान से जुड़े गंभीर सवाल भी खड़े कर रहा है।
इस घटनाक्रम के बाद नगर पालिका अध्यक्ष से जुड़े पूर्व आपराधिक मामलों की फाइलें भी दोबारा चर्चा में आ गई हैं। अब निगाहें पुलिस जांच, न्यायालयीय प्रक्रिया और प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।



