सिवनीमध्यप्रदेश

छपारा में माय भारत का जागरूकता अभियान: नशे के खिलाफ युवाओं ने लिया संकल्प, आपदा बचाव और पर्यावरण संरक्षण का भी दिया संदेश

सेवा पखवाड़ा एवं अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस पर शासकीय आईटीआई में जागरूकता कार्यक्रम, पूर्व सांसद एवं विधायक नीता पटेरिया ने युवाओं को किया प्रेरित

छपारा में माय भारत का जागरूकता कार्यक्रम, युवाओं को नशामुक्ति का संदेश

Seoni, 12 October 2026
सिवनी / छपारा यशो:-
 युवाओं को नशे की गिरफ्त से दूर रखकर स्वस्थ और जिम्मेदार नागरिक बनाने, आपदा की परिस्थितियों में सजग रहने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत (MY BHARAT), ब्लॉक छपारा, जिला सिवनी के तत्वावधान में सोमवार 12 अक्टूबर को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

सेवा पखवाड़ा एवं अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस के अवसर पर नगर के एनएच-44 फोरलेन बायपास किनारे स्थित शासकीय आईटीआई परिसर में दोपहर 1 बजे आयोजित कार्यक्रम में प्रशिक्षणरत छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।

छपारा आईटीआई में माय भारत के जागरूकता कार्यक्रम में शामिल विद्यार्थी एवं अतिथि
: छपारा में माय भारत का जागरूकता कार्यक्रम, युवाओं को नशामुक्ति का संदेश

नशे से दूरी, स्वस्थ जीवन की ओर बढ़ें युवा

कार्यक्रम में पूर्व सांसद एवं विधायक श्रीमती नीता पटेरिया ने नशामुक्ति विषय पर युवाओं को संबोधित करते हुए नशे के दुष्प्रभावों और उससे परिवार तथा समाज पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने तथा स्वस्थ जीवनशैली को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और यदि युवा नशे से मुक्त, स्वस्थ एवं अनुशासित रहेंगे तो समाज और राष्ट्र का भविष्य भी मजबूत होगा।

आपदा के समय घबराएं नहीं, सावधानी से बचाएं जीवन

कार्यक्रम के दौरान आपदा मित्र पलक वर्मन ने विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन और आपातकालीन परिस्थितियों में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न प्रकार की आपदाओं के दौरान सुरक्षा उपायों, स्वयं को सुरक्षित रखने तथा जरूरत पड़ने पर दूसरों की सहायता करने के व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराया।

विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि आपदा के समय सजगता, संयम और सही जानकारी किसी भी बड़ी क्षति को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

पौधारोपण कर दिया हरित पर्यावरण का संदेश

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान आईटीआई परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। पौधारोपण के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, हरियाली संवर्धन और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में युवाओं को केवल जागरूकता तक सीमित न रहते हुए अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति, आपदा सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।

उपस्थित रहे जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं संस्थान के शिक्षक

कार्यक्रम में युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष चक्रेश ठाकुर, मंडल महामंत्री सार्थक अग्रवाल, आईटीआई छपारा के प्राचार्य सेवकराम मार्सकोले, माय भारत प्रतिनिधि राजेश्वरी तंतुवाय, स्वास्थ्य विभाग से अरुण श्रीवास, आपदा मित्र प्रतिभा वर्मन एवं प्रज्ञा भलावी सहित संस्थान के शिक्षकगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से नशामुक्त युवा, सुरक्षित समाज, स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण और सशक्त भारत के निर्माण का संकल्प दोहराया गया। विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए उन्हें जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button