
सिवनी यशो:- सिवनी नगर पालिका अध्यक्ष शफीक खान का दर्द सोमवार को छलककर आखिर बाहर आ ही गया। उन्हें उनकी ही कांग्रेस पार्टी के नेता एवं सभापति द्वारा परेशान किया जा रहा है । यह बात उन्होंने स्वयं कही जिसका सोशल मीडिया में वीडियो भी वायरल हो रहा है ।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सिवनी नगर पालिका को सिवनी विधायक की मदद के बिना चलाना संभव नहीं है, नगर में जो भी विकास के कार्य हो रहे है उसके लिए सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन ने शासन से और अपनी विधायक निधि दिला कर व्यक्तिगत रूचि लेकर करा रहे है । दलसागर तालाब का सौंदर्यीकरण उनके दरियादिली के कारण ही संभव हुआ और नगर की सड़कों का निर्माण उनके द्वारा दी गई और दिलाई गई राशि से हो रहा है। सिवनी नगर पालिका के पास इतनी आय ही नहीं है कि विकास के काम किए जा सके।
शफीक खान ने कहा कि कांग्रेस प्रवक्ता और नगर पालिका में सभापति राजिक अकील को नगर पालिका मे हस्तक्षेप के लिये कांग्रेस अध्यक्ष ने भी मना किया है परंतु वे अनावश्यक रूप से नगर पालिका को माध्यम बनाकर विधायक पर दोषारोपण कर विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न कर रहे है।
शफीक खान का कहना है कि सिवनी विधायक नगरपालिका को पूरी मदद करते है और हर पार्षद की बात सुनते है ।नगर की पेयजल समस्या के निराकरण के लिए विधायक गंभीरता से प्रयास कर रहे और इस समस्या का शीघ्र निराकरण हो जायेगा।
इसी तरह के उद्गार नगर पालिका के अन्य सभापति और पार्षदों ने व्यक्त कर कांग्रेस की सोमवार को हुई पत्रकार वार्ता जिसमें कांग्रेस ने विधायक पर कई तरह के आरोप लगाए थे उसकी हवा निकाल दी ।

