सिवनी यशो:- मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में केवलारी भाजपा प्रत्याशी राकेश पाल सिंह के समर्थन पलारी तिगड्डा एवं बरघाट भाजपा प्रत्याशी कमल मर्सकोले के समर्थन में मोहगांव में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि, ऐसा कोई सगा नहीं, जिसे कांग्रेस ने ठगा नहीं। मैडम प्रियंका गांधी कह रही थी कि, मामा तो कंस भी था। मैडम प्रियंका आप वैसे ही काम करते हो तो आपको कंस ही दिखाई देगा। इनके राष्ट्रीय अध्यक्ष कहते हैं कि, हम भाजपा के पांच पांडवों से लड़ रहे है, फिर ये तो कौरव हुए। कांग्रेस कभी भी रिश्तों को समझ नहीं सकती है। वहीं मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री मोदी जी की तारीफ करते हुए कहा कि, श्री नरेंद्र मोदी जी का आभार है कि, उन्होंने गरीब कल्याण अन्न योजना को 5 साल तक के लिए और बढ़ा दिया। मैं उनको हृदय से धन्यवाद देता हूं।
*कांग्रेसी नेताओं को भारतीय संस्कृति का ज्ञान नहीं*
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के कहा कि, कांग्रेस टिप्पणी कर रही है कि, नरक चतुर्दशी के दिन भाजपा अपना संकल्प पत्र क्यों ला रही हैं..? कांग्रेस और इनके नेताओं को भारतीय संस्कृति, हमारे जीवन मूल्य, इतिहास का ज्ञान ही नहीं है। नरक चतुर्दशी के दिन ही भगवान श्री कृष्ण ने नरकासुर का वध कर 16 हजार रानियों को कैद से मुक्त कराया था तो ये बहनों की मुक्ति का दिवस भी है। उनके आत्मसम्मान और स्वाभिमान के साथ जीने का दिवस भी है। लेकिन दिक्कत यह है कि, इनको इतिहास की पूरी जानकारी रहती नहीं है, प्रियंका जी कहती हैं कि, भगवान राम 13 साल के लिए वनवास गए थे। उनको कंस की पूरी हिस्ट्री नहीं पता है लेकिन कंस मामा कह देती है। मुझे लगता है कि, बोलने से पहले उनको सोचना समझना चाहिए।