शिवराजसिंह चौहान ने रखा प्रस्ताव, डॉ. मोहन यादव चुने गए विधायक दल के नेता भाजपा प्रदेश कार्यालय में केंद्रीय पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में हुई विधायक दल की बैठक
सिवनी यशो:- उज्जैन दक्षिण से हाल ही में निर्वाचित भारतीय जनता पार्टी के विधायक डॉ. मोहन यादव को पार्टी विधायक दल ने केंद्रीय पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में अपना नेता चुन लिया है। उनके नाम का प्रस्ताव मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने किया, जिसका समर्थन पार्टी नेताओं ने किया।
भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक सोमवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में संपन्न हुई। इस दौरान पार्टी पर्यवेक्षक व हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ, के लक्ष्मण, पार्टी की राष्ट्रीय सचिव सुश्री आशा लाकड़ा उपस्थित रहीं। बैठक के शुभारंभ के अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने केंद्रीय पर्यवेक्षकों, बैठक में उपस्थित वरिष्ठ नेताओं एवं नवनिर्वाचित विधायकों का स्वागत किया। इसके उपरांत केंद्रीय पर्यवेक्षक मनोहरलाल खट्टर ने बैठक की प्रस्तावना रखी। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने विधायक डॉ. मोहन यादव का नाम विधायक दल के नेता के लिए प्रस्तावित किया। मुख्यमंत्री के इस प्रस्ताव का अनुमोदन वरिष्ठ नेता नरेंद्रसिंह तोमर, प्रहलाद पटेल कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, वरिष्ठ नेता गोपाल भार्गव, तुलसी सिलावट ने किया। विधायक दल की सहमति पर डाँ.मोहन यादव को विधायक दल का नेता चुन लिया गया।