Seoni 24 January 2025सिवनी यशो:- 26 जनवरी को राष्ट्र 76 वां गणतंत्र दिवस (Republic Day) मनाने जा रहा है। इस अवसर पर दिल्ली के कर्तव्यपथ में आयोजित होने जा रहे 76 वें गणतंत्र दिवस समारोह में केन्द्र शासन के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा विशेष अतिथि के तौर पर पेंच टाइगर रिजर्वए मध्यप्रदेश से श्रीमती झुन्नीबाई उईके को आमंत्रित किया गया है।पेंच टाईगर रिजर्व के उपसंचालक रजनीश कुमार ने जानकारी देते हुये बताया कि श्रीमति झुन्नीबाई उईके पति स्व. मक्खन उईके उम्र 48 वर्ष मध्यप्रदेश के छिन्दवाडा जिला अंतर्गत एक अत्यंत दूरस्थ ग्राम पुलपुलडोह की निवासी है एवं आदिवासी गोंड समुदाय से आती है तथा विगत दो दशकों से भी अधिक समय से टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में निरंतर कार्यरत है। पेंच टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में इतनी लंबी अवधि से कार्य करने वाली यह एक मात्र महिला है एवं अपने पुरूष साथी वन कर्मियों के साथ कंधा से कंधा मिला कर वन एवं वन्यप्राणियों के संरक्षण में अत्यंत साहसिक ढंग से अपना विशेष योगदान दे रही हैं।