बेटों को सेट करने के चक्कर में एमपी को अपसेट कर रहे कांग्रेस नेता *कांग्रेस के लिए एक परिवार से बड़ा कोई नहीं, आजादी का श्रेय एक ही परिवार को दिया* *जिन्होंने राजकुमार राम को परमात्मा बनाया, हम उन आदिवासियों के पुजारी* कांग्रेस का मंत्र-काम हॉफ, गरीब की जेब साफ- नरेंद्र मोदी
सिवनी यशो:- मध्यप्रदेश में कांग्रेस चुनाव नहीं लड़ रही है। उसे पता है कि वह जीतने नहीं वाली। वो तो चुनाव लडऩे का ढोंग कर रही है, ताकि कहीं से चंदा, डोनेशन मिलना है तो मिल जाए। कांग्रेस में लड़ाई मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए नहीं हो रही है, उन्हें पता है कि मुख्यमंत्री भाजपा का ही बनेगा। कांग्रेस के नेताओं में लड़ाई इस बात के लिए हो रही है कि आगे चलकर किसका बेटा कांग्रेस का मुखिया बनेगा। प्रदेश के दो बड़े कांग्रेस नेता अपने-अपने बेटों को सेट करने के चक्कर में प्रदेश को अपसेट कर रहे हैं। जो अपने बेटों के लिए लड़ रहे हैं, वो आपके बेटे-बेटी के बारे में सोचेंगे क्या? ये आपके बेटे-बेटी के लिए कुछ कर सकते हैं क्या? और अगर ये आपके बेटे-बेटी के लिए कुछ नहीं सोच सकते, कुछ नहीं कर सकते तो फिर ऐसे लोगों की जरूरत क्या है? यह बात प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को सिवनी के जगदंबा सिटी मैदान में विराट, अभूतपूर्व और ऐतिहासिक जनसभा को संबोधित करते हुए कही।
"इसलिए "एमपी के मन में है मोदी" और "मोदी के मन में एमपी"
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि चुनाव के समय पर हर जगह राजनीतिक गुणा भाग करने वाली टोली सक्रिय रहती है, जीत-हार का हिसाब-किताब करती रहती है। आप लोग जितनी बड़ी संख्या में मुझे आशीर्वाद देने आए हैं, उसी से यह साफ हो गया है कि किसकी विजय होने जा रही है। श्री मोदी ने कहा कि एमपी के मन में मोदी क्यों है, इसकी एक बड़ी वजह प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना है। कोरोना के काल में मेरे मन में एक ही विचार चलता था कि दुनिया में इतना बड़ा संकट आया है, परिवार का हर व्यक्ति भय के बीच जी रहा है। बाहर जाना मुश्किल, काम करना मुश्किल। मैंने संकल्प लिया कि इस संकट में किसी गरीब का चूल्हा बुझने नहीं दूंगा। किसी गरीब के बच्चे भूखे न सो जाएं, इसके लिए मैं रात-रात भर जागता रहा। हमने गरीब कल्याण अन्न योजना शुरू की और 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज देना शुरू किया। इनमें मध्यप्रदेश के भी 5 लाख लोग शामिल हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि यह योजना एक महीने बाद खत्म होने वाली है। लेकिन मैं गरीबी से निकला हूं और गरीबों के दर्द को समझता हूं। इसलिए हमने यह निर्णय लिया है कि इस योजना को पांच सालों के लिए और बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले कांग्रेस सरकार का हर घोटाला लाखों करोड़ रुपये का होता था। भाजपा सरकार में घोटाले नहीं होते। इस तरह गरीबों के हक का जो पैसा हमने बचाया है, उसे ही गरीबों के राशन पर खर्च करेंगे। घोटालों वाली कांग्रेस और गरीबों की भाजपा सरकार में यही बड़ा अंतर है।
*आदिवासियों के योगदान को भुलाया, एक परिवार को दे दिया आजादी का श्रेय*
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारे आदिवासी परिवारों में लखन कुमार जी के मंदिर में पूजा अर्चना करके खेती शुरू करने की मान्यता है। सिवनी की यह पुण्य भूमि शहीद बिंदु कुमारी, रानी दुर्गावती और राजा शंकर शाह की धरती है। मां भारती और हमारी संस्कृति की रक्षा में हमारे आदिवासी वीर वीरांगनाओं का योगदान यहां हर तरफ दिखता है। लेकिन कांग्रेस ने उसे भुला दिया। कांग्रेस ने आजादी का सारा श्रेय सिर्फ एक ही परिवार के नाम कर दिया। कांग्रेस के लिए इस एक परिवार से बड़ा कोई और है ही नहीं। कांग्रेस की सरकारों की सारी योजनाएं, वहां के रास्ते और कांग्रेस के घोषणा पत्र में भी वही एक परिवार दिखता है। लेकिन साथियों, यह भाजपा है जिसके लिए हर गरीब, हर पिछड़ा और हर आदिवासी परिवार का सदस्य है। श्री मोदी ने उपस्थित जनसमुदाय से पूछा कि हमारा ये आदिवासी समाज हजारों सालों से है या नहीं? क्या हमारा ये आदिवासी समाज भगवान राम के जमाने से नहीं है? हमारे इस आदिवासी समाज ने ही राजकुमार राम को मर्यादा पुरुषोत्तम राम बनाया या नहीं? हमारा आदिवासी समाज इतना पुराना है, लेकिन आजादी के बाद पांच-छह दशकों तक कांग्रेस ने आदिवासी शब्द ही नहीं सुना, आदिवासी कहां रहते हैं, उन्हें पता नहीं था। जब स्व. अटल बिहारी वाजपेयी प्रधानमंत्री बने, तो अलग से जनजातीय मंत्रालय बनाया गया। आदिवासी भाइयों के कल्याण के लिए अलग से बजट दिया गया।