साल 2024 में शासकीय विभागों द्वारा जनकल्याण के साथ किये गये विकास के उल्लेखनीय कार्य
Seoni 31 December 2024
सिवनी यशो:- कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन के निर्देशन में वर्ष- 2024 में सभी शासकीय विभागों द्वारा विभागांतर्गत संचालित हितग्राही मूलक योजनाओं के माध्यम से एवं जनहित विकास कार्यों के क्रियांवयन में उल्लेखनीय कार्य किए गए। वर्ष 2024 में जिले को विभिन्न विकास कार्यों की सौंगातें भी मिली हैं। जो निम्नानुसार है:-
सिवनी मेडिकल कॉलेज का हुआ शुभारंभ-
वर्ष 2024 में जिले को मेंडिकल कॉलेज के रूप में महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई है। अक्टूबर माह में लगभग 300 करोड़ लागत से 17.98 हेक्टेयर भूमि में निर्मित हुआ मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण किया गया तथा इस सत्र में मेडिकल कॉलेज सिवनी 100 छात्रों के प्रवेश के साथ महाविद्यालय प्रारंभ किया जा चुका है। भारत से बाहर अन्य देशों से एम.बी.बी.एस. करने वाले छात्रों को इन्टर्न हेतु इस महाविद्यालय में प्रवेश दिया गया है।
मनरेगा योजना अंतर्गत जिले में हुये महत्वपूर्ण कार्य-
वर्ष 2024 में जल संरक्षण की दिशा में जिले में मनरेगा योजना अंतर्गत 2991 खेत तालाब का निर्माण किया गया है। इसी तरह 356 कपिल धारा कूप, 88 अमृत सरोवर बनाऐं गए हैं। इसके अतिरिक्त 45 सामुदायिक गौशालाओं का निर्माण किया गया है।
जिला रोजगार कार्यालय एवं आईटीआई
जिले में वर्ष 2024 में जॉब फेयर योजना अंतर्गत 19 रोजगार मेलों का आयोजन किया गया। जिसके माध्यम से निजी क्षेत्र में रोजगार हेतु जिले के 2047 बेरोजगार युवक-युवतियां लाभांवित हुईं। केरियर कॉउंसलिंग योजना अंतर्गत वर्ष 2024 में 16 केरियर कॉउंसलिंग की गईं। जिसमें 654 छात्र-छात्राऐं लाभांवित हुये हैं।
इसी क्रम में वर्ष 2024-25 में मुख्यमंत्री सीखा कमाओं योजना से 370 विद्यार्थियों को लाभांवित किया गया है। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना अंतर्गत 2088, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना 04, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से 120 हितग्राही लाभांवित हुए हैं।
जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र
स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से जिले के शिक्षित बेरोजगार युवक युवतियों को स्वयं का व्यवसाय/ उद्योग लगाने हेतु प्रेरित करते हुए वर्ष 2024-25 में मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना अंतर्गत जिले के प्राप्त लक्ष्य-80 के विरूध्द 85 प्रकरणों 106.25 प्रतिशत के साथ शतप्रतिशत लक्ष्य पूर्ण करते हुए स्वीकृत कर बैंकों के माध्यम से वितरण कराया गया। विभाग द्वारा एमएसएमई प्रोत्साहन योजना अंतर्गत 52 नवीन विनिर्माण इकाईयों को वित्तीय सहायता प्रदान की गई।
स्कूल शिक्षा विभाग-
वर्ष 2024 में शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार द्वारा महत्वाकांक्षी योजना पीएम श्री विद्यालय (प्रधानमंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया) अंतर्गत जिले के 19 विद्यालयों का चयन किया गया। इन स्कूलों में टीएलएम, ग्रीन स्कूल, एसक्यू, एसएफआई सीटी एवं व्यवसायिक शिक्षा संचालित की जा रही है। जिसका लाभ अध्ययनरत के छात्र-छात्राओं को मिल रहा है। इसके अतिरिक्त शासन की नि:शुल्क साइकिल योजना अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत 7799 छात्र-छात्राओं को साइकिल का वितरण किया गया है। नि:शुल्क पाठ्य पुस्तक योजना अंतर्गत 592358 पात्र छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क पाठ्य पुस्तक प्रदाय की गई।
सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग-
सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों, वृद्धजनों, कल्याणी एवं परित्यागता महिलाओं तथा उभयलिंगी व्यक्तियों के कल्याण एवं इनको समाज की मुख्य धारा में लाये जाने हेतु विभिन्न विभागीय योजनाओं के माध्यम से लाभांवित किया जा रहा है। जिले में विभिन्न विभागीय पेंशन योजनाओं के 108549 हितग्राहियों को समग्र, आधार ई-केवायसी पूर्ण किया जा चुका है। जो 96.79 प्रतिशत के साथ सिवनी जिला प्रदेश में तीसरे स्थान पर है।
विभाग द्वारा वर्ष 2024 में जिले के विभिन्न योजना के 2906 पेंशन हितग्राहियों को 1743600 लाख रूपये राशि, 161 दिव्यांग हितग्राहियों को दिव्यांग विवाह सहायता राशि एवं 14 कल्याणी महिलाओं को मुख्यमंत्री कल्याणी विवाह सहायता योजना राशि का भुगतान किया गया। इस प्रकार विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जिले के कुल 4787 हितग्राहियों को लाभांवित किया गया है।
दिव्यांगजनों का परिवेश बाधारहित हो इस उद्देश्य से विभाग द्वारा दिव्यांगजनों को कुल 168 सहायक उपकरण प्रदाय किये गए। इसी तरह एल्मिकों के माध्यम से दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण जैसे मोट्रेटसाइकिल, ट्रायसाइकिल, व्हील चेयर, एमआरकिट, बैसाखी इत्यादि प्रदाय किये जाने हेतु जिले में विकासखंडवार मूल्यांकन परीक्षण शिविर आयोजित किये गए। उक्त शिविरों में 870 दिव्यांगजनों को 1429 विभिन्न सहायक उपकरण प्रदाय करने हेतु चिन्हांकित किये गए। जिन्हें शीघ्र ही उपकरण वितरण किया जायेगा।
मत्स्य विभाग- स्पॉन मत्स्य बीज उत्पादन में जिला रहा प्रदेश में द्वीतीय स्थान में-
उपसंचालक मत्स्योद्योग सिवनी द्वारा जानकारी दी गई कि विभाग द्वारा वर्ष 2024-25 में नवाचार एवं जनकल्याण विशेष कार्य किये गए। मछुआ कल्याण तथा मत्स्य विकास विभाग द्वारा मछली बीज प्रक्षेत्र जेवनारा विकासखंड बरघाट में 4005.00 लाख स्पॉन मत्स्य बीज का उत्पादन किया गया। जो संपूर्ण प्रदेश में द्वितीय स्थान पर रहा। प्रधानमंत्री मत्स्य योजना अंतर्गत जिले में 10 नवीन तालाब निर्माण हुए। 26 हितग्राहियों को मोटरसाइकिल विथ आईस बॉक्स प्रदाय किये गए। 910 बचत सहराहत एवं 521 लाभार्थियों को किसान क्रेडिट कार्ड प्रदाय किये गए।
कार्यालय ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग सिवनी-
ग्रामीण क्षेत्रों अधोसंरचना कार्यों के विकास की दिशा में कार्य करते हुये ग्रामीण यांत्रिकी विभाग द्वारा मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत वर्ष 2024-25 में पहाडगढ से बरपानी 2.13 किलोमीटर, केवलारी उगली मुख्य मार्ग से भोरगोंदी ग्रेवल सडक 2 किलोमीटर, गोरखपुर मख्य मार्ग से मनहोरीमाल 1.55 किलोमीटर सडक का कार्य पूर्ण किया गया है। इसी तरह जाम वन गा्रम मार्ग में चैनज स्लेब कलवर्ट, बम्होडी से फरेदा मार्ग में चैनेज स्लेब कलवर्ट, केवलारी-उगली मार्ग से भोरगोंदी मार्ग में, पिंडरई बुट्टे से बावनथडी मार्ग पर तीन स्लेब कलवर्ट का कार्य पूर्ण किया गया है। जिससे आसपास के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा प्राप्त हो रही है।
महिला एवं बाल विकास विभाग-
वर्ष 2024-25 में विभाग द्वारा लाड़ली लक्ष्मी योजना से 4328 हितग्राहियों को लाभांवित किया गया है। इसी तरह लाड़ली बहना योजना से 281209 लाडली बहनें लाभांवित हुईं हैं। प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना 8752 हितग्राहियों को लाभांवित किया गया है। वहीं सेम-मेम श्रेणी के कुल 2435 कुपोषित बच्चों को चिन्हांकित कर रोगोपचार किया गया है। मुख्यमंत्री कोविड 19 सेवा योजना के 42, बाल आशिर्वाद योजना 169 एवं पोषण पुनर्वास केन्द्र के माध्यम से 1045 लाभार्थी लाभांवित हुए।
खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग-
वर्ष 2024-25 में जिले के कुल 120192 कृषकों द्वारा उपार्जन हेतु पंजीयन कराया गया। जिसके माध्यम से 75461 कृषकों द्वारा 591253 मैट्रिक टन उपज का विक्रय किया गया। जिसमें 1275.63 करोड़ रूपये का भुगतान किसानों को किया गया। वहीं अन्न उत्सव योजना के माध्यम से जिले के 277227 परिवारों को प्रतिमाह राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री युवा अन्नदूत योजना अंतर्गत 19 बेरोजगार युवाओं को खाद्य परिवहन हेतु सात टन क्षमता के ट्रक उपलब्ध कराकर सभी को स्वरोजगार से जोड़ा गया है।
पशुपालन एवं डेयरी विभाग-
विभाग द्वारा जिले में पशुधन एवं दुग्ध उत्पादन को बढाने की दिशा में लघु सीमांत एवं भूमिहीन मजदूर कृषकों को विभागीय योजनाओं के माध्यम से लाभांवित किया जा रहा है। आचार्य विद्यासागर गौ-संवर्धन योजना से 06 हितग्राहियों को लाभांवित किया गया है। वहीं 08 हितग्राहियों को बकरी इकाई का लाभ दिया गया है। बैकयार्ड कुक्कुट में 105 हितग्राही को लाभांवित किया गया है। इसके अतिरिक्त 1182 पशुपालकों को किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराये गये हैं। जिले में वर्ष 2024 में 15.41 मैट्रिक टन दूध, 2.02 मैट्रिक टन मांस एवं 35.84 लाख अंडे का उत्पादन बढ़ा है।
लोकसेवा केन्द्रों के माध्यम से 2 लाख 12 हजार से अधिक आवेदनों का हुआ निराकरण-
वर्ष 2024 में जिले में स्थापित लोक सेवा केन्द्रों के माध्यम से 212359 हितग्राहियों को विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित सेवाओं लाभ मिला है। जो कि प्रदेश में भोपाल एवं इंदौर जिले के बाद सर्वाधिक है।




