WhatsApp Image 2026-03-17 at 4.22.34 PM (1)
मध्यप्रदेशसिवनी

अंधाधुंध अवैध कटाई, कार्यवाही हुई तो नप जायेंगे अधिकारी

पत्रकारों की शिकायत पर जांच में हुए बड़े खुलासे

Seoni 29 January 2025
सिवनी यशो :- केवलारी वन परिक्षेत्र के अंतर्गत जंगल में जिस बेरहमी से हरे भरे पेड़ो की कटाई हो रही है वह वन सुरक्षा के लिये तैनात जिम्मेदार अमले के आचरण को संदिग्ध साबित करने के लिये पर्याप्त है । जिस तरह से वनों की अवैध कटाई को अंजाम दिया गया है उससे साफ है कि विभागीय जिम्मेदार अधिकारियों की बिना सांठ गाँठ के हरे भरे पेड़ो की कटाई हो ही नहीं सकती ।
पिछले दिनों स्थानीय पत्रकारों के द्वारा अवैध कटाई और वन संपदा के अवैध परिवहन पर स्थानीय पत्रकारों द्वारा वन परिक्षेत्र अधिकारी से लेकर सीसीएफ तक से चर्चा की गई थी । इस चर्चा के बाद एक स्थानीय पत्रकार ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को भी शिकायत की थी ।
तस्कारों द्वारा दिलेरी के साथ जंगल की अंधाधुध कटाई करने के साथ धड़ल्ले परिवहन भी किया जा रहा था और विभागीय अमला अपनी आँखों में पट्टी बंधे हुये सब परमात्मा देख रहा है कहकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़कर शासन से पूरी तनख्वाह के साथ जिस जंगल की सुरक्षा के लिये तैनात है वहाँ तस्करों से सांठ गांठ कर वनो को उजाड़ते रहे ।

केवलारी परिक्षेत्र में वनों की अवैध कटाई की बेजा शिकायतों पर दक्षिण वन मंडल सामान्य के वन मंडल अधिकारी गौरव मिश्रा द्वारा जांच दल का गठन किया गया। जिसमें सहायक वन मंडल अधिकारी योगेश पटेल के नेतृत्व में जांच दल केवलारी पहुंचा।

जाँच दल के साथ शिकायत कर्ता पत्रकार के साथ कोहका बीट एवं कुंभड़ा बीट की सघन जांच की गई । इन बीटों में ही अंधाधुंध कटाई का साक्ष्य के रूप में सागौन के ठूंट चीख रहे है। जिनमें कुछ ठूंट इसी वर्ष के है तो कुछ पिछले वर्ष के । कुछ ठूंट में कार्यवाही के उपरांत लगने वाले हैमर लगे पाए गए तो कुछ में हैमर नदारद पाया गये। दो बीटों में हुई सघन जांच में ही वन विभाग के दावों की पोल खुल गई जहां विभाग वन परिक्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध कटाई न होने और मीडिया द्वारा झूठी खबर प्रकाशित करने के आरोप लगाए जा रह थे।

यहाँ बता दें कि केवल दो बीटों की जांच में ही शिकायतकर्ताओं की शिकायत को प्रमाणिकता प्राप्त हुई, जिसमें जंगलों की अवैध कटाई के सबूत के साथ साथ वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की लापरवाही भी उजागर हो गई। इसके साथ ही वन विभाग द्वारा कटे सागौन के पेड़ों की सिल्लियों में भी गड़बड़ी सामने आई जिसमें कोहका बीट में हुई अवैध कटाई पर विभाग द्वारा कार्यवाही तो कर दी गई परंतु जप्त लकडिय़ों में गड़बड़ी पाई गई । वहीं जांच अधिकारी श्री युगेश पटेल सहित जांच दल ने जांच उपरांत शिकायतकर्ताओं और पत्रकारों के सामने प्रतिवेदन तैयार कर वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में मामला लाकर दोषियों पर कार्यवाही कराने का आश्वासन दिया है।

अवैध कटाई का हैदराबाद कनेक्शन की बात सच साबित होते दिखाई दी

जिस तरह से जंगलों में अवैध सागौन की कटाई की जा रही है जिससे सागौन तस्करों के हैदराबाद एवं महाराष्ट्र कनेक्शन पर मुहर लगती दिखाई दे रही है। केवलारी वन परिक्षेत्र की हर बीटों में सैकड़ों सागौन के पेड़ के ठूंट चीख चीख कर अवैध कटाई की गवाही दे रहे हैं।

वन परीक्षेत्र केवलारी के जिम्मेदार एसडीओ आर के गुरुदेव एवं रेंजर अमित सोनी द्वारा विगत कई वर्षों से लापरवाही बरती जा रही है । जानकारी के बावजूद भी यह अधिकारी जंगलों में निरीक्षण करने के बदले ऑफिस में आराम फरमाते नजर आते हैं ग्रामीणों द्वारा कटाई की सूचना देने पर भी यह जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचते हैं और तस्कर अवैध कटाई कर सागौन की बेशकीमती लकडिय़ां ले जा लेते हैं। वहीं इसके पूर्व भी शिकायतकर्ताओं द्वारा सागौन की अवैध कटाई के मयप्रमाण शिकायत के बाद एसडीओ डॉ आर गुरुदेव द्वारा एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा मौके का निरीक्षण कर सैकड़ो पेड़ों की कटाई का प्रतिवेदन बनाकर लेजाया गया परंतु आपसी सांठ गांठ से 1 साल पहले भी सैकड़ो हर-भरे पेड़ों की कार्रवाई को ठंडे बस्ते में डाल कर अवैध कटाई को वैध दर्शा दिया गया, परंतु कहावत है कि सत्य प्रताडि़त हो सकता है परंतु परास्त नहीं इस कहावत को चरितार्थ होते आज देखा गया जहां सालों से हो रही अवैध कटाई पर जांच दल द्वारा निष्पक्ष जांच करते हुए सैकड़ो सागवान के पेड़ों के ठंूट मौके पर प्राप्त हुए जिन पर प्रतिवेदन तैयार कर जल्द ही बड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। अब देखना होगा विभाग जांच प्रतिवेदन के आधार पर कार्यवाही में कुछ अधिकारी नपने की संभावना है ।

केवलारी परिक्षेत्र में अवैध कटाई की शिकायत पर जाँच टीम का गठन किया गया है । जिसमें सहायक वन मंडल अधिकारी, वन परिक्षेत्र अधिकारी सहित बड़ी टीम को शामिल किया गया है । इस टीम के द्वारा मंगलवार से जांच प्रारंभ की गयी है प्रतिवेदन प्राप्त होने के पश्चात दोषियों पर कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी ।
गौरव मिश्रा
डी एफ ओ
दक्षिण वन मंडल सामान्य सिवनी

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!