मध्यप्रदेशसिवनी

सेफ क्लिक 2.0′ अभियान के छठे दिन स्वास्थ्य केंद्रों और स्कूलों तक पहुंची सिवनी पुलिस, 4900 लोगों को किया साइबर अपराधों के प्रति जागरूक

एसपी कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन में जिलेभर में 31 जागरूकता कार्यक्रम, गांव-गांव तक पहुंचा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार का संदेश

Seoni, 30 June 2026
सिवनी यशो:-  मध्यप्रदेश पुलिस के प्रदेशव्यापी 15 दिवसीय साइबर जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” के अंतर्गत सिवनी पुलिस लगातार लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक कर रही है। अभियान के छठे दिन सोमवार को स्वास्थ्य संस्थानों, शैक्षणिक संस्थाओं, ग्राम पंचायतों और लोक सेवा केंद्रों को विशेष रूप से अभियान का केंद्र बनाया गया। जिलेभर में आयोजित 31 साइबर जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लगभग 4900 नागरिकों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है।

सिवनी में सेफ क्लिक 2.0 अभियान के तहत साइबर जागरूकता रैली
सेफ क्लिक 2.0 अभियान के सातवें दिन सिवनी पुलिस ने बाजारों और स्कूलों में साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया।

स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों, नर्सों और मरीजों को किया जागरूक

कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी एवं पुलिस स्टाफ ने जिला चिकित्सालय सिवनी तथा छिंदवाड़ा चौक स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, मरीजों और उनके परिजनों को डिजिटल ठगी के नए तरीकों तथा उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

विद्यालय और ग्राम पंचायत में लगी साइबर पाठशाला

साइबर नोडल टीम के प्रभारी निरीक्षक ओमेश्वर ठाकरे के नेतृत्व में मातृशक्ति संगठन, नेकी की राह संस्था, मार्गिक फाउंडेशन, कनक फाउंडेशन तथा कलम फाउंडेशन के सहयोग से ग्राम बोरदेई हाई स्कूल में विद्यार्थियों के लिए साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण आयोजित किया गया। वहीं हड्डी गोदाम क्षेत्र में मोहल्ला बैठक एवं जनसंवाद तथा ग्राम पंचायत बोरदेई में साइबर जागरूकता चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए गए।

गांव-गांव तक पहुंचा साइबर सुरक्षा का संदेश

जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, संजीवनी क्लीनिक, विद्यालयों, पंचायतों और लोक सेवा केंद्रों में जनसंवाद, नुक्कड़ सभा एवं मोहल्ला बैठकों के माध्यम से नागरिकों को साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप, शिकायत प्रक्रिया और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।

इन साइबर अपराधों से सावधान रहने की सलाह

अभियान के दौरान लोगों को फर्जी बैंक कॉल, केवाईसी अपडेट के नाम पर धोखाधड़ी, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, यूपीआई धोखाधड़ी तथा डिजिटल अरेस्ट जैसी साइबर ठगी के तरीकों से सतर्क रहने की सलाह दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि बैंक, पुलिस या कोई भी सरकारी संस्था फोन पर कभी भी ओटीपी, यूपीआई पिन या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी नहीं मांगती।

1930 हेल्पलाइन और पोर्टल की दी जानकारी

सिवनी पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर घबराने के बजाय तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें अथवा cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

सिवनी पुलिस के अनुसार “सेफ क्लिक 2.0” अभियान 8 जुलाई 2026 तक जिलेभर में जारी रहेगा। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को डिजिटल रूप से जागरूक बनाकर साइबर अपराधों की रोकथाम में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!