वन सेफ क्लिक अभियान: उगली पुलिस ने बस स्टैंड पर चलाया साइबर जागरूकता अभियान, ग्रामीणों को दी ऑनलाइन ठगी से बचने की सीख
थाना प्रभारी दयाराम शरणागत ने लोगों से बैंक, ओटीपी और व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने की अपील की, 1930 हेल्पलाइन पर तत्काल शिकायत करने की सलाह
उगली (सिवनी) यशो :- मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित ‘वन सेफ क्लिक’ साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत थाना उगली पुलिस लगातार क्षेत्र में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसी क्रम में गत दिवस थाना प्रभारी दयाराम शरणागत एवं पुलिस स्टाफ ने उगली बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय के सामने ग्रामीणों और यात्रियों को साइबर अपराधों से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान समय में स्मार्टफोन और डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर ठगी के मामलों में भी तेजी आई है। फर्जी कॉल, ओटीपी, लिंक और बैंक संबंधी जानकारी मांगने वाले साइबर अपराधियों से सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है। लोगों को समझाइश दी गई कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपने बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें।
थाना प्रभारी दयाराम शरणागत ने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी के साथ साइबर ठगी की घटना होती है तो वह बिना विलंब राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं तथा निकटतम पुलिस थाने को भी तत्काल सूचना दें, जिससे समय रहते कार्रवाई की जा सके।
यह अभियान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर 24 जून से 8 जुलाई तक पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है। इसके तहत पुलिस अधीक्षक, अनुविभागीय अधिकारी एवं थाना प्रभारियों को व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उगली थाना प्रभारी दयाराम शरणागत के नेतृत्व में पुलिस टीम स्कूलों, शासकीय कार्यालयों, ग्राम पंचायत भवनों तथा प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे समय की आवश्यकता बताया।


