अभिभावक सम्मेलन एवं गोपाष्टमी पर्व धूमधाम से संपन्न
सरस्वती शिशु मंदिर भैरोगंज सिवनी (Saraswati Shishu Mandir Bhairoganj Seoni) का आयोजन
सिवनी यशो:- नगर की प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्था सरस्वती शिशु उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की माध्यमिक कक्षाओं के अभिभावकों का सम्मेलन एवं गोष्ठी का आयोजन किया गया । आयोजन में विद्यालय प्राचार्य ओम प्रकाश यादव ,श्रीमती नीलिमा चौरसिया एवं पत्रकार आलोक राज मंचासीन रहे । मां वीणा वादिनी के समक्ष दीप प्रज्वलन से आयोजन का शुभारंभ हुआ ।
माध्यमिक विभाग परीक्षा प्रभारी पूनम नंदनवार ने मंचासीन अतिथियों का तिलक चंदन वंदन से स्वागत किया । तत्पश्चात उपस्थित अभिभावकों द्वारा अपने विचार रखे गए। विचार क्रम में श्रीमती नीलम चौरसिया दीदी ने कमजोर छात्रों के लिए अलग से प्रयास करने पर जोर दिया । उनके अनुसार कमजोर छात्रों का आत्मविश्वास कम होता है इसके लिए उनकी कक्षाएं यदि अलग की जाए तो शायद विकास जल्दी होगा ।
आलोक राज ने छात्रों के विकास में गुरु की महत्ता को सर्वश्रेष्ठ बताया । श्रीमती भुवनेश्वरी कटरे, अनीता कुमरे एवं और अनेक अभिभावकों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यालय में दी जा रही शिक्षा के प्रति संतोष व्यक्त किया। बच्चों की पढ़ाई का स्तर ठीक हो रहा है यह भी उन्होंने अपने अनुभव में बताया ।
कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता प्रकाश गुप्ता ने किया । अपने संबोधन में प्राचार्य ओम प्रकाश यादव ने अभिभावकों से भैया बहनों के मोबाइल के अधिक प्रयोग से बचने ,समय पालन ,स्वच्छता गणवेश, गृह कार्य आदि पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया ।
गोपाष्टमी के अवसर पर आज विद्यालय में गौ माता के पूजन का विशेष कार्यक्रम भी रखा गया । विद्यालय में गौ माता का पूजन अर्चन कर मिष्ठान खिलाया गया । प्रार्थना सभा में पूरन लाल यादव ने गोपाष्टमी के महत्व का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने बताया कि गाय की पूजा न केवल धार्मिक एवं आध्यात्मिक वरन् वैज्ञानिक दृष्टि से भी श्रेष्ठ होती है। गाय में 33 कोटी देवताओं का भी वास होता है।






