PM मोदी ने किया छिंदवाड़ा और जुन्नारदेव रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण, 43 करोड़ से बदली तस्वीर
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से सजे स्टेशन, सांसद विवेक बंटी साहू बोले- विकास को मिलेगी नई रफ्तार
छिंदवाड़ा अमृत भारत स्टेशन लोकार्पण – PM मोदी ने किया छिंदवाड़ा और जुन्नारदेव रेलवे स्टेशन का लोकार्पण, 43 करोड़ से बदली तस्वीर
Chhindwara 16 July 2026
छिंदवाड़ा यशो:- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल लोकार्पण किया। इसी क्रम में छिंदवाड़ा और जुन्नारदेव रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य पूर्ण होने पर दोनों स्थानों पर भव्य समारोह आयोजित किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद विवेक बंटी साहू शामिल हुए।
43 करोड़ रुपये से दोनों स्टेशनों का कायाकल्प
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन का लगभग 17 करोड़ रुपये तथा जुन्नारदेव रेलवे स्टेशन का लगभग 26 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिकीकरण एवं पुनर्विकास किया गया है। दोनों स्टेशनों को आधुनिक यात्री सुविधाओं, आकर्षक डिजाइन और बेहतर अधोसंरचना से सुसज्जित किया गया है।
छिंदवाड़ा स्टेशन पर हुआ भव्य समारोह
छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में पूर्व राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके, महापौर विक्रम अहके, कलेक्टर हरेंद्र नारायण, पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार, पीसीएमएन अरविंद कुमार मेश्राम, नोडल अधिकारी एवं सीनियर डीईएन अर्पित शरण, डीसीएम अनिल बागले, सीआई सुजीत कुमार, स्टेशन प्रबंधक हेमराज मीणा, राजकिशोर तिवारी सहित रेलवे अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं तथा रेलवे द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
सांसद विवेक बंटी साहू बोले—यात्रियों को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद विवेक बंटी साहू ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के माध्यम से रेलवे स्टेशनों पर आधुनिक अधोसंरचना विकसित की जा रही है, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि ऐसे विकास कार्य क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों और पर्यटन को भी नई गति देंगे।
उन्होंने चारफाटक क्षेत्र में प्रस्तावित अंडरब्रिज का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके निर्माण से आवागमन सुगम होगा तथा लंबे समय से चली आ रही यातायात जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
जुन्नारदेव में भी विकास कार्यों की सराहना
जुन्नारदेव में आयोजित कार्यक्रम में सांसद श्री साहू ने कहा कि रेलवे अधोसंरचना के विकास से स्थानीय नागरिकों और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने स्टेशन का निरीक्षण कर यात्रियों से संवाद भी किया और उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की जानकारी ली।
इस अवसर पर शेषराव यादव, पूर्व विधायक नत्थन शाह कवरेती, नगरपालिका अध्यक्ष रमेश सालोडे, रेलवे अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


