पुलिस जवानों ने चांदमारी के दौरान निशाना साधा और अश्रु गैस चलाने का प्रशिक्षण
Chhindwara 14 February 2025
छिंदवाड़ा यशो:- जिला पुलिस बल, छिंदवाड़ा द्वारा चांदमारी प्रशिक्षण का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस जवानों को वेपन चलाने और अश्रु गैस संचालन की सिखलाई दी गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अजय पांडे की उपस्थिति में जवानों ने निशाना साधने का अभ्यास किया। इसके अलावा, अश्रु गैस गन और वज्र वाहन के माध्यम से अश्रु गैस चलाने का प्रशिक्षण भी दिया गया, जिससे पुलिस बल को भीड़ नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने की रणनीतियों में दक्ष बनाया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह, सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इसके साथ ही, सीएसपी अजय राणा, डीएसपी राजेश बंजारे, एसडीओपी सौरभ तिवारी, एसडीओपी सोनम पाटिल, रक्षित निरीक्षक आशीष तिवारी, सूबेदार लोहित शिंदे एवं जिले के समस्त थाना प्रभारी भी इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण में शामिल हुए।
यह चांदमारी अभ्यास कुल 6 दिनों तक चला, जिसमें जिले के लगभग 750 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अजय पांडे ने कहा, इस प्रशिक्षण से पुलिस जवानों की फायरिंग और भीड़ नियंत्रण की क्षमता में वृद्धि होगी, जिससे वे कानून व्यवस्था को प्रभावी ढंग से बनाए रख सकेंगे। यह पहल सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाएगी। अंत में, पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस जवानों को उनके समर्पण और अनुशासन के लिए सराहा और भविष्य में इसी तरह के नियमित चांदमारी एवं अश्रु गैस प्रशिक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया।



