गुम मोबाइल पाकर चेहरे पर लौटी मुस्कान: रक्षाबंधन से पहले पुलिस ने लौटाए
छिंदवाड़ा पुलिस ने लौटाए 251 गुम मोबाइल - 44.75 लाख के 251 मोबाइल
Chhindwara 02 August 2025
छिन्दवाड़ा यशो:- रक्षाबंधन से पहले छिंदवाड़ा पुलिस ने जिलेवासियों को एक खास तोहफ़ा दिया। 44.75 लाख की अनुमानित कीमत के 251 गुमशुदा मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को वापस सौंपे गए।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय के आदेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष गुप्ता के निर्देशन और पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी डी.एस. शेन्डे एवं जिला सायबर सेल टीम के प्रयासों से संभव हुई।
तकनीकी विश्लेषण से मिली सफलता
पिछले कुछ महीनों में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मोबाइल फोन गुम होने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। सायबर सेल टीम ने इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी विश्लेषण के जरिए विभिन्न स्थानों से कुल 251 मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया वितरण
बरामद मोबाइल फोन को पुलिस कंट्रोल रूम, छिंदवाड़ा में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा गया।
मोबाइल धारकों में शासकीय सेवक, शिक्षक, अधिवक्ता, प्राइवेट कर्मचारी, आर्मी जवान, व्यापारी, दुकानदार, छात्र, ऑटो/ट्रैक्टर चालक, श्रमिक, गृहिणियां, किसान और अन्य नागरिक शामिल थे।
सराहनीय कार्य के लिए टीम सम्मानित
मोबाइल बरामदगी में आर. आदित्य रघुवंशी, नितिन सिंह, अभिषेक ठाकुर, राहुल डडोरे, अंकित शर्मा और मोहित चन्द्रवंशी का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस अधीक्षक ने सायबर सेल टीम को पुरस्कार देने की घोषणा की।
पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने पर तुरंत संबंधित थाना या सायबर सेल कार्यालय में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि त्वरित तकनीकी कार्रवाई की जा सके।



