लाड़ली बहनाओं को भाजपा बांट रही घर घर जाकर स्वीकृति पत्रक
सिवनी यशो :- मध्यप्रदेश की कल्याणकारी शिवराज सरकार द्वारा प्रदेश की मातृशक्ति को सशक्त बनाने के लिये महत्वाकांक्षी लाड़ली बहना योजना के तहत आगामी 10 जून को एक हजार रूपये की राशि महिलाओं के खाते में आना प्रारंभ हो जायेगी । इस योजना में पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति पत्रों का वितरण पूरे जिले में महिला बाल विकास विभाग के कर्मचारियों के साथ भाजपा के कार्यकत्र्ता, जनप्रतिनिधियों द्वारा घर घर जाकर सम्मान सहित वितरित किये जा रहे है । भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक दुबे मार्गदर्शन में लाड़ली बहना के स्वीकृति पत्रों का वितरण पूरे जिले में अभियान चलाकर वितरित किये जा रहे है । नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी से स्वीकृति पत्रों का वितरण किया जा रहा है ।
उक्ताशय की जानकारी भाजपा जिला सह मीडिया प्रभारी मनोज मर्दन त्रिवेदी ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति के माध्यम से देते हुये बताया है कि सिवनी नगर के अनेक वार्डो में भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक दुबे सहित सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकत्र्ता एवं महिला मोर्चा की बहिने स्वीकृति पत्रों का वितरण कर रही है वहीं केवलारी विधायक राकेश पाल सिंह भाजपा के पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ केवलारी विधानसभा में लखनादौन एवं बरघाट विधानसभा के नगरीय क्षेत्रों सहित ग्रामीण क्षेत्रों में लाड़ली बहना के स्वीकृति पत्र भाजपा अभियान चलाकर वितरित कर रही है ।