सिवनी यशो:- आज पूरी दुनिया कह रही है कि 21 वीं सदी भारत की सदी है। बीते नौ सालों में भारत ने एक सशक्त अर्थव्यवस्था वाली पालिसी पर काम किया है और दुनिया की अर्थव्यवस्था में 'टॉप फाइव' का स्थान सुनिश्चित किया है । भारत ने बीते नौ साल में एक पार्टी के 'अपना परिवार अपना विकास' नीति को दरकिनार कर 'सबका साथ, सबका विकास' की कहानी लिखी है। पहले भारत की आवाज अनसुनी कर दी जाती थी। आज जब भारत बोलता है तो दुनिया सुनती है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने जातिवाद, परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति को खत्म कर विकासवाद की राजनीति प्रतिष्ठित की है। उक्ताशय की बात भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक दुबे ने सिवनी विधानसभा स्तरीय पत्रकार वार्ता में कही ।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल के गौरवपूर्ण नौ वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा का 30 मई से 30 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान चल रहा है इसी अवसर पर सिवनी विधानसभा की मंगलवार को सिवनी भाजपा कार्यालय में पत्रकारवार्ता आयोजित की गयी आयोजित पत्रकारवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री दुबे के साथ सिवनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक दिनेश राय मुनमुन एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता वेद सिंह ठाकुर भाजपा जिला सह मीडिया प्रभारी मनोज मर्दन त्रिवेदी उपस्थित रहे ।
श्री दुबे ने पत्रकारवार्ता में कहा कि पहले योजनाएं कागजों की धूल फांकती रहती थी। आज एक ही कार्यकाल में योजनाएं बनती भी हैं और जमीन पर उतरती भी है। शिलान्यास और उद्घाटन दोनों एक ही कार्यकाल में होता है। पहले बिचौलिए लाभार्थियों का पैसा खाते थे, आज बिचौलिया संस्कृति को खत्म किया गया है। भ्रष्टाचार के दीमक को खत्म किया जा रहा है। पहले के प्रधानमंत्री कहते थे, गरीबों को एक रुपया भेजता हूँ, तो केवल 15 पैसे जनता तक पहुँच पाते हैं। न जाने कौन सा पंजा था कि रुपये में 85 पैसे को खा जाता था। आज नरेन्द्र मोदी सरकार में 100 रुपये भेजे जाते हैं तो 100. रुपये पहुंचते हैं। भाजपा की डबल इंजन सरकार में तो इसमें और अधिक पैसा जुड़कर गरीबों तक पहुँचता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने गरीबों के 85 पैसा खाने वाले पंजे से अर्थव्यवस्था को निकालकर इसे भ्रष्टाचार मुक्त बनाया है।