भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खंडेलवाल एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने जिला भोपाल द्वारा रविन्द्र भवन सभागार में आयोजित स्वागत समारोह को किया संबोधित
Bhopal 04 July 2025 भोपाल यशो:- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खंडेलवाल एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने रविन्द्र भवन सभागार में जिला भोपाल द्वारा आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित किया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी परिवार नहीं, कार्यकर्ताओं की ताकत से चलती है। मैं आपके बीच का ही कार्यकर्ता हूं और इसी भावना से अपने काम का निर्वाह करूंगा। अगर कार्यकर्ता तय कर ले, तो कोई चुनाव जीतना मुश्किल नहीं है। भारतीय जनता पार्टी जिला भोपाल द्वारा रविन्द्र भवन सभागार में आयोजित भव्य स्वागत समारोह में भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल तथा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा नेतृत्व, विधायकगण, महापौर, सांसद तथा वरिष्ठ पदाधिकारी मंचासीन रहे। कार्यकर्ता तय कर लें, तो हर चुनाव जीत सकते हैं- हेमंत खण्डेलवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि हमारे संगठन में कार्यकर्ता सर्वोपरि होता है। कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम के कारण ही भारतीय जनता पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी बनी है। देश में अनेक राजनीतिक दल हैं, जिनमें से कुछ परिवार आधारित हैं, तो कुछ समाज आधारित। लेकिन भारतीय जनता पार्टी एकमात्र ऐसा दल है, जो कार्यकर्ताओं के परिश्रम से चलता है। अगर कार्यकर्ता तय कर ले, तो कोई चुनाव जीतना मुश्किल नहीं है। आने वाले चुनाव में भोपाल की सभी आठ सीटों पर विजय हासिल करने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में हम सब मिलकर काम करेंगे और जीत हासिल करेंगे।
*भाजपा के विस्तार में भोपाल के कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका*
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि जब जनसंघ का गठन हुआ था, तो डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय ने कठिन परिश्रम से एक-एक कार्यकर्ता को जोड़ा। उन्होंने जो संघर्ष किया, उसकी हम कल्पना भी नहीं कर सकते। आज हर बूथ पर, हर मंडल में हजारों कार्यकर्ता हैं, लेकिन उस समय एक जिले में दो-चार कार्यकर्ता ही हुआ करते थे। उस यात्रा को आगे बढ़ाने का काम श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे जी ने किया, जिनका भोपाल से नाता रहा है। श्रद्धेय प्यारेलाल खंडेलवाल, स्वर्गीय नारायण प्रसाद गुप्ता, स्वर्गीय कैलाश सारंग, स्वर्गीय सुशील चंद्र वर्मा, स्वर्गीय गौरीशंकर कौशल, स्वर्गीय सुरेंद्रनाथ सिंह, स्वर्गीय रमेश शर्मा गुट्टू भैया, शैलेंद्र प्रधान जैसे अनेकों कार्यकर्ताओं ने भाजपा को भोपाल सहित पूरे प्रदेश और देश में स्थापित करने का काम किया। श्री खंडेलवाल ने कहा कि भोपाल राजनीतिक दृष्टि से एक कठिन जिला रहा है। यहां से कोई भी नेता 100-150 लोगों को लेकर बैतूल जाकर चुनाव जीतकर आ जाता था, क्योंकि भोपाल में जीतना मुश्किल था। आप लोगों ने भोपाल में पार्टी को मजबूत किया, उसके बाद ही पूरे प्रदेश में कमल खिल सका, क्योंकि भोपाल का असर पूरे प्रदेश पर होता है। इसके लिए मैं आप सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देता हूं। भोपाल के कार्यकर्ताओं पर दोहरी जिम्मेदारी होती है। अगर कोई राष्ट्रीय नेता का दौरा होता है, तो उसकी भी जिम्मेदारी है और कोई स्थानीय कार्यक्रम है, तो उसकी भी जिम्मेदारी है। आप सभी इस जिम्मेदारी को पूरी गंभीरता से निभा रहे हैं, जिसके लिए मैं आपका अभिनंदन करता हूं।मैं कार्यकर्ताओं से अलग नहीं
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि मंच पर जो नेतागण बैठे हैं, उन्होंने भाजपा को मजबूत करने और हमारे पूर्वजों के मार्गदर्शन को जमीन पर उतारने का काम किया है। भोपाल से मेरा नाता कोई आज का नहीं है, मैं जब लोकसभा चुनाव लड़ा, तो भोपाल से सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता बैतूल गए थे। 2014 से 2018 तक मैंने कोषाध्यक्ष के रूप में काम किया। नगर निगम चुनाव मैं भी मेरी भूमिका रही। लेकिन मैंने अपने मन से नहीं कार्यकर्ताओं, नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने जैसा कहा मैंने वही किया। मैं आप सभी को आश्वस्त करना चाहता हूं कि मैं सिर्फ प्रदेश अध्यक्ष के दायित्व का निर्वाह कर रहा हूं, मुझमें ऐसा कुछ भी नहीं, जो मुझे आपसे अलग करे। मैं आपके बीच का ही कार्यकर्ता हूं। आपका सम्मान बरकरार रहे, इसकी चिंता हम करेंगे। हर कार्यकर्ता की क्षमता का पूरा उपयोग हो, यह भी हम देखेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने पार्टी को जितना मजबूत किया है, उसे कायम रखते हुए हमें अगले मुकाम पर पहुंचना है। हमारे प्रधानमंत्री जी देश को दुनिया में सम्मान दिला रहे हैं। हम एक और अनुशासित रहकर भारतीय जनता पार्टी के माध्यम से देश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाएंगे।