मध्यप्रदेशराजनीतिसिवनी
मध्यप्रदेश में रबर स्टाम्प मुख्यमंत्री बिठा दिया गया है – पूनम पंडित
किसान, महिलाओं, दलितो,आदिवासियों पर हो रहा है अत्याचार
सिवनी यशो:- मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी सिवनी द्वारा किसान न्याय यात्रा निकाली गई । जिसमें सुबह से ही जिले के सभी ब्लाकों से किसान छिन्दवाड़ा चौक में ट्रेक्टर और अपने साथियो के साथ बडी संख्या में उपस्थित होना प्रारंभ हुये, अ.भा. महिला कांग्रेस की पर्यवेक्षक अंतराष्ट्रीय शूटर तीन काले कृषि कानून के विरोध में किसान आंदोलनों में बढ़चढ़ कर भाग लेने वाली नेत्री को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार खुराना छिन्दवाड़ा चौक बाईपास पंहुचे जहॉ से पूनम पंडित द्वारा ट्रेक्टर चलाकर किसान न्याय यात्रा में शामिल हुई, जगह जगह यात्रा का स्वागत हुआ ।
मंदिरों में पूजा अर्चना करने के पश्चात यात्रा कचहरी चौक पंहुची जहॉ वीरांगना रानीदुर्गावती जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किसान सभा को सम्बोधित करते हुए पूनम पंडित ने कहा कि म.प्र. में गरीबो पर अत्याचार हो रहें है, आदिवासियों को पेशाब पिलाई जाती है, पानी पीने पर दलित की हत्या कर दी जाती है, महिलाओं का बलात्कार कर जिंदा दफन कर दिया जाता है। पूरे मध्यप्रदेश में रबर स्टाम्प मुख्यमंत्री बैठा दिया गया है जिससे अपने पद की गरिमा का ध्यान नही ऐसे अनेक मुख्यमंत्री को बेईमानी से सत्ता हासिल करने वाले लोग अपने उंगलियों पर नचा रहें है। किसानों को उनकी फसल का समर्थन मूल्य मिलना चाहिये। अघोषित बिजली कटौती बंद होनी चाहिये, किसान आंदोलन में प्रधानमंत्री मोदी ने तीन काले कानून वापिस लेते समय कहा था कि मुझे क्षमा करें यह तीनों कृषि कानून वापिस लेता हॅू कुछा कमी रही गई थी । कृषि आंदोलन के समय किसानों की राह में बैरिकेट्स लगा दिये गये थे, रास्तो में कील गाडी गई थी, सैकडो किसानों की आंदोलन में जान चली गई थी, आंदोलन जीवी, खालिस्तानी समर्थक, आतंकवादी कहा गया था।
अब आप समझ सकते है कि मोदी जी की आगे क्या मंशा रही होंगी किसानों के साथ और ज्यादती करने की। पूनम पंडित ने अनेको बार जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजकुमार खुराना ने किसानों के लिए एक सफल कार्यक्रम आयोजित कराने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
किसानो की आय दुगना करने का वायदा कर खर्चे कर दिये दुगने
राजकुमार खुराना ने कहा की मोदी जी किसानों की आय दोगुनी करने की बात करते है किसानों का खर्च दोगुना हो गया, किसानों की आय दोगुनी नही हुई। वही दूसरी ओर अतिवृष्टि से किसानों की फसल मार खा गई, फसल बीमा की राशि तो काट ली जाती है किन्तु किसानों को फसल बीमा की राशि नही दी जाती। सभा को बरघाट के पूर्व विधायक अर्जुनंिसंह काकोडिया, किसान न्याय यात्रा के प्रभारी घनश्याम सनोडिया, एड़ पंकज शर्मा ने सम्बोधित किया। मंच संचालन जिला कांग्रेस प्रवक्ता राजिक अकील ने किया। किसान न्याय यात्रा में उपस्थित समस्त किसान पूनम पंडित, राजकुमार खुराना के साथ पैदल जिला कलेक्टर कार्यालय पंहुचे जहॉ महामहिम राज्यपाल महोदय के नाम से ज्ञापन सौंपा गया।
कांग्रेस के ज्ञापन में अनेक बातों का उल्लेख
कहा किसानों की उपज 10 वर्ष पुराने भाव पर ही खरीद रही सरकार
मध्यप्रदेश की वर्तमान स्थिति से प्रदेश के संवैधानिक मुखिया होने के नाते आप भली भांति अवगत है कि प्रदेश में सभी क्षेत्रों में दयनीय स्थिति है और त्राहि-त्राहि मची हुई है, जो ज्वलंत समस्याएॅ वर्तमान में है उनमें किसानों की समस्याएॅ सबसे महत्वपूर्ण है कि भारी वर्षा, खाद बीज की कमी से किसानों की फसले खासतौर पर सोयाबीन, उड़द, धान, मक्का एवं अन्य दलहन खराब हो गई है और किसान इस समय भारी आर्थिक परेशानी से जूझ रहा है। सरकार द्वारा उनकी फसलों को 10 वर्ष पुराने भाव से ही आज भी खरीदा जा रहा है तथा किसानों को भारी भरकम बिजली के बिल दिए गए है, बिलों को जमा न करने पर उनके बिजली के मीटर काटने से लेकर उनकी मोटर पम्प आदि जब्त करने की कार्यवाही का जा रही है।
राहुल गांधी के अपमान से आहत है कांग्रेस
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रति केन्द्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू एवं उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री रघुराज सिंह द्वारा उन्हें आतंकवादी कह कर अपमान किया गया है जबकि पूरा देश जानता है कि राहुल गांधी के पिता स्व. राजीव गांधी का बलिदान एवं उनकी दादी स्व. श्रीमति इंदिरा गांधी की शहादत इस देश की सेवा करते हुए हुई है तथा उन्हीं का खून राहुल गांधी की रगो में दौड़ रहा है। भाजपा नेताओं द्वारा राहुल गांधी के प्रति अपमान जनक शब्दों का प्रयोग करने से प्रदेश के लाखो-लाख कांग्रेसजन आहत एवं दुखी है।
जिला कांग्रेस ने राज्यपाल से की मांग
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जिला कांग्रेस कमेटी सिवनी द्वारा ज्ञापन के माध्यम से महामहिम राज्यपाल महोदय जी से मांग करती है कि आप किसानों की फसलों का उचित मूल्य दिलाने एवं केन्द्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू तथा उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री रघुराज सिंह के विरूद्ध दण्डात्मक कार्यवाही कराने हेतु राज्य सरकार को आवश्यक निर्देश देने की कृपा करें, तथा जिला कांग्रेस कमेटी सिवनी महामहिम जी से आग्रह करती है कि प्रदेश एवं जिले के किसानों की निम्नलिखित मांगो पर त्वरित कार्यवाही हेतु राज्य सरकार को आदेशित करने का कष्ट करें।
धान का समर्थन मूल्य 31 सौ रूपये देने की मांग
किसानों को उनकी फसल गेहॅू का समर्थन मूल्य 2700 रू., धान का समर्थन मूल्य 3100 रू. मक्का का समर्थन मूल्य 2500 रू. एवं सोयाबीन का समर्थन मूल्य 6000 रू. प्रति क्विंटल दिया जाए। अतिवृष्टि के कारण मक्का, धान, सोयाबीन एवं अन्य दलहन की फसलें सहित सब्जियों की फसलों की नुकसानी का सर्वे करवाकर इनका उचित मुआवजा प्रदान किया जाए। बिजली कटौती बंद कर दिन के समय किसानों को बिजली उपलब्ध कराई जावे एवं बकाया बिजली बिलों की जबरन वसूली त्वरित रोकी जाये तथा काटे गये विधुत कनेक्शन तुरंत जोड़कर बिजली बिल माफ किये जाए, साथ ही वोल्टेज की समस्या का निदान किया जाये। किसानों को फसल बीमा की राशि तत्काल दिलवायी जाए। किसानों को अविवादित नामांतरण एवं बटवारा प्रकरणों का समयावधि में निराकरण किया जाये। जय किसान फसल ऋण माफी योजना पुन: प्रारंभ की जाए। यूरिया एवं डी.ए.पी. की कालाबाजारी त्वरित रोगी जाये एवं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध करवाया जाए।
किसानों को नकली एवं मंहगे बीच से मुक्ति देने की मांग
मंडी में व्याप्त अव्यवस्थाओं में त्वरित सुधार किया जाए। नकली एवं मंहगा बीज किसानों को मिल रहा है इसे त्वरित बंद किया जाए। मंडी एवं सहकारिता चुनाव तत्काल करवाये जाए। लाल माटी क्षेत्र के किसानों को लिफ्ट इरिगेशन के जरिये त्वरित पानी उपलब्ध कराया जाए। किसानों को ट्रांसफार्मर लगवाने पर सब्सिडी प्रदान की जाए। खेत-सड़क योजना प्रारींभ की जाए एवं जंगली जानवरों से जनहानि एवं फसलों के नुकसान का मुआवजा दिलवाया जाए। जिले में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी नहरों का त्वरित मरम्मत कार्य कर दोषियों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाए। सिवनी से नागपुर-बालाघाट-छिन्दवाड़ा मार्ग को अविलंब सुधार किया जाये तथा सुधार होने तक टोल वसूली बंद की जाए। कार्यक्रम में जिले भर से जिला कांग्रेस, वरिष्ट कांग्रेसजन, ब्लाक कांग्रेस, समस्त मोर्चा संगठन विभाग, प्रकोष्ठ, जिला पंचायत, जनपद पंचायत, नगरपालिका सहित अन्य निर्वाचित जनप्रतिनिधि, किसान भाईयो सहित बडी संख्या में कांग्रेस जनो की उपस्थिति रही। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार खुराना ने किसान न्याय यात्रा में टैऊक्टर लेकर पंहुचे समस्त किसान भाई, एवं न्याय यात्रा में सहयोग करने वाले सभी कांग्रेस जनों का आभार माना है।









