गरीब परिवारों को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से मिला संबल:सांसद
मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजनान्तर्गत हर्रई में 449 एवं बिछुआ में 248 जोड़ों की हुई शादी
Chhindwara 05 March 2025
छिंदवाड़ा यशो:- मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजनान्तर्गत छिंदवाड़ा व पांढुर्णा सहित पूरे प्रदेश की निकायों में सामूहिक विवाह का आयोजन किया जा रहा है, यह योजना गरीब परिवारों के लिए संबल के रूप में काम कर रही है। जो गरीब परिवार अपनी बेटी की शादी करने के लिए लाखों का कर्ज लेकर तमाम व्यवस्थाएं किया करते थे। अब उन्हें मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना लागू होने के बाद से बेटियों की शादी करने की चिंता खत्म हो गई है। अब सभी गरीब परिवारों की सभी चिंताओं को भाजपा सरकार ने अपने कंधों पर ले लिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव की दूरगामी सोच का ही परिणाम है कि आज गरीब परिवारों को बेटियों की शादी की चिंता खत्म हो गई है। उक्त आशय के उद्गार सांसद बंटी विवेक साहू ने हर्रई और बिछुआ में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह के दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहे। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के द्वारा कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है। जिसका सीधा लाभ गरीब परिवारों को मिल रहा है। पहले की कांग्रेस सरकार द्वारा गरीबों को योजनाओं का सीधा लाभ न देते हुए बिजौलियों की मदद से दिया जाता था। बिजौलियों के कारण गरीबों तक चंद रूपए ही पहुँच पाते थे। लेकिन अब नरेन्द्र मोदी जी की सरकार में हर योजना का लाभ सीधे हितग्राहियों के खातों में पहुँच रहा है।
हर्रई में आयोजित कार्यक्रम को विधायक कमलेश शाह, जिला महामंत्री टीकाराम चंद्रवंशी, जिला मंत्री मनोज नेमा, मंडल अध्यक्ष रामनारायण धुर्वे, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सीताराम डेहरिया, पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष कामिनी शाह, पूर्व जिला उपाध्यक्ष शंभूदयाल साहू, सुरलाखापा मंडल अध्यक्ष दीपा श्याम डेहरिया, अमरवाड़ा विधानसभा प्रभारी डॉ.प्रियंका शर्मा, मंडल अध्यक्ष बटकाखापा हरीश साहू ने और बिछुआ में आयोजित सामारोह को भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, पूर्व विधायक रमेश दुबे, विधायक सुजीत चौधरी, विधानसभा प्रभारी लखन वर्मा, जनपद अध्यक्ष सतीश भलावी ने संबोधित किया।
हर्रई और बिछुआ में हुए 697 जोड़ों के विवाह
मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजनान्तर्गत हर्रई और बिछुआ सामूहिक विवाह सम्मेलनों का आयोजन किया गया, जिसमें हर्रई में 449 एवं बिछुआ में 248 जोड़ों के सामूहिक विवाह संपन्न हुए। सांसद बंटी विवेक साहू ने हर्रई और बिछुआ के नवविवाहित 697 जोड़ों को आर्शीवाद व शुभकामनाएं दी। साथ ही शासन की योजनान्तर्गत प्रत्येक जोड़ों को 49 हजार की सहायता राशि के चेक वितरित करते हुए उनके सफल वैवाहिक जीवन की कामना की और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी।



