मध्यप्रदेशसिवनी

राष्ट्रपति मुर्मू के एमपी दौरे से बढ़ेगा प्रदेश का गौरव: इंदौर में स्वागत कर बोले सीएम डॉ. मोहन यादव

कूनो चीता प्रोजेक्ट से लेकर सिकल सेल उन्मूलन तक, कई अहम कार्यक्रमों में होंगी शामिल

भोपाल/इंदौर यशो  :- राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के मध्यप्रदेश प्रवास को प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक बताते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि उनका दौरा प्रदेशवासियों में उत्साह और उमंग का संचार करेगा। गुरुवार को इंदौर एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति का स्वागत करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश विकास, जनकल्याण और सुशासन के नए आयाम स्थापित कर रहा है तथा राष्ट्रपति का यह प्रवास प्रदेश की उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान देगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मू अपने प्रवास के दौरान कूनो क्षेत्र में संचालित चीता प्रोजेक्ट का अवलोकन करेंगी तथा सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेंगी। इसके अलावा वे ब्रह्मकुमारी संस्था के कार्यक्रम में भी शामिल होंगी।

डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश ने नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलता प्राप्त की है। बालाघाट, मंडला और डिंडोरी जैसे क्षेत्रों में अब विकास और शांति का नया वातावरण दिखाई दे रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यूनियन कार्बाइड कचरे के सुरक्षित निस्तारण, नदी जोड़ो अभियान, चीता प्रोजेक्ट और भोजशाला विवाद के समाधान की दिशा में उठाए गए कदमों ने मध्यप्रदेश को देश-दुनिया में नई पहचान दिलाई है। प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सिंचाई के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश देश के सबसे कम बेरोजगारी वाले राज्यों में शामिल है और आगामी वर्षों में सिंचित क्षेत्र को 100 लाख हेक्टेयर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। प्रदेश सरकार प्रति व्यक्ति आय और आर्थिक समृद्धि बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button