सरस्वती शिशु उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भैरवगंज में पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न
सिवनी यशो:- सरस्वती शिशु उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भैरवगंज में भैया-बहनों के लिए एक गरिमामय पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। यह सम्मान उन विद्यार्थियों एवं आचार्य परिवार को प्रदान किया गया, जिन्होंने 1 फरवरी 2026 को सिवनी के 12 पत्थर में आयोजित विशाल हिंदू सम्मेलन में राष्ट्रभक्ति, राम-भक्ति एवं भारतीय संस्कृति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रभावशाली प्रस्तुति दी थी।

सम्मेलन में विद्यालय के भैया-बहनों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया था। दीदियों द्वारा प्रस्तुत वंदे मातरम् गीत को भी विशेष सराहना मिली। इन प्रस्तुतियों में सहभागिता करने वाले सभी विद्यार्थियों एवं आचार्य परिवार का सम्मान हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति द्वारा किया गया।

समारोह के दौरान आयोजन समिति की ओर से श्री अरुण पटेवार, सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी श्री पी.एल. वर्मा एवं जिला सचिव श्री विनीत अग्रवाल ने विद्यार्थियों को स्मृति-चिह्न प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन एवं सांस्कृतिक चेतना की प्रशंसा की।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी श्री पी.एल. वर्मा ने भैया-बहनों को आगामी परीक्षाओं के संबंध में उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन एवं आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि के रूप में महाकौशल वनांचल शिक्षा सेवा न्यास के उपाध्यक्ष श्री अरुण पटेवार द्वारा विद्यालय को ₹15,000 की समर्पण निधि का चेक प्रदान किया गया, जिसे विद्यालय प्राचार्य ने स्वीकार किया।
अपने उद्बोधन में अरुण पटेवार ने विद्यार्थियों को परीक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण टिप्स देते हुए सरस्वती शिशु मंदिर में प्रदान की जाने वाली संस्कार-युक्त शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह शिक्षा पद्धति विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उन्हें राष्ट्र और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाती है।
कार्यक्रम का समापन प्रेरणादायक वातावरण में हुआ। विद्यार्थियों में उत्साह, आत्मविश्वास और संस्कारों के प्रति गहरी आस्था देखने को मिली। विद्यालय परिवार ने आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया।


