छिंदवाड़ाराजनीति

मानसून में रेल संचालन रहेगा सुगम — दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने की युद्धस्तर पर तैयारियाँ

Chhindwara 10 June 2025

छिंदवाड़ा यशो:- दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल द्वारा मानसून के दौरान रेल यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और समयबद्ध सेवा उपलब्ध कराने हेतु सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण गति पर की जा रही हैं। रेल प्रशासन ने संभावित जलभराव एवं भूस्खलन जैसी आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए व्यापक उपाय किए हैं।

मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी रेल खंडों का गहन निरीक्षण किया गया है, विशेषकर उन स्थानों पर जहाँ जलभराव की संभावना, पहाड़ी क्षेत्रों में बोल्डर स्खलन तथा पुलों के आसपास कोई खतरा हो सकता है। इन क्षेत्रों में सुधार कार्य किए जा चुके हैं। पानी की निकासी के लिए पाइपों की सफाई, ड्रेनों का डायवर्जन तथा पहाडिय़ों से आने वाले पानी को रेल पटरियों से दूर रखने हेतु विशेष इंतज़ाम किए गए हैं।

रेलवे की नाली और ड्रेन प्रणाली के पास जमा कचरे को हटाकर सफाई कार्य भी तीव्र गति से किया जा रहा है। इसके साथ ही, समपार फाटकों, पुलों, पटरियों, संरक्षा उपकरणों, ओएचई लाइन तथा सिग्नल प्रणाली की गहन जांच एवं संधारण भी पूरा कर लिया गया है।

आपात स्थितियों से निपटने के लिए छिंदवाड़ा, डोंगरगढ़, गोंदिया, नैनपुर, रामटेक, ग्वारीघाट, हत्ता रोड जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर रेती, गिट्टी, पत्थर व खाली बोरियों की भरपूर व्यवस्था की गई है। साथ ही, पेट्रोलिंग को सुचारु रखा गया है ताकि किसी भी स्थिति पर त्वरित नियंत्रण पाया जा सके।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, इन सभी प्रयासों का मुख्य उद्देश्य मानसून में भी यात्रियों को सुरक्षित एवं निर्बाध रेल सेवा प्रदान करना है। नागपुर मंडल की यह सतर्कता यात्रियों के विश्वास को और सुदृढ़ करेगी।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!