मध्यप्रदेशसिवनी

बारिश बनी मुसीबत, मुंगवानी रोड के घरों में घुसा पानी

पहली ही बारिश में डूबी मुंगवानी रोड, घरों में घुसा पानी; रहवासियों ने उठाए नगर पालिका पर सवाल

मुंगवानी रोड जलभराव – पहली ही बारिश मुसीबत बनी, घरों में घुसा पानी

सिवनी यशो :- मानसून की पहली तेज बारिश ने ही शहर की व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी। मुंगवानी रोड स्थित राजपूत मंगल भवन के सामने जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी कई घरों में घुस गया। जलभराव से प्रभावित परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा और लोगों को घंटों मशक्कत कर घरों से पानी निकालना पड़ा।

Waterlogging on Mungwani Road Seoni after first monsoon rain
मुंगवानी रोड क्षेत्र में पहली बारिश के बाद जलभराव से प्रभावित क्षेत्र।

स्थानीय निवासी वेंकटेश सोनकेशरिया ने बताया कि पहली ही बारिश में उनके घर में पानी भर गया। अचानक घर में पानी घुसने से घरेलू सामान प्रभावित हुआ और परिवार को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में वर्षों से जल निकासी की समस्या बनी हुई है, लेकिन इसके स्थायी समाधान की दिशा में अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।

रहवासियों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार नगरपालिका अधिकारियों को लिखित एवं मौखिक शिकायतें दी गईं, लेकिन हर बार आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला। नतीजतन, हर बारिश में क्षेत्र के लोगों को जलभराव और गंदगी की समस्या झेलनी पड़ती है।

क्षेत्र के अन्य नागरिकों ने भी बताया कि सड़कों पर पानी भर जाने और घरों में पानी घुसने से सामान्य जनजीवन प्रभावित हो गया। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नालियों और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया तो आगामी बारिश में हालात और गंभीर हो सकते हैं।

स्थानीय रहवासियों ने नगरपालिका प्रशासन से मांग की है कि मुंगवानी रोड क्षेत्र का तत्काल निरीक्षण कर जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा स्थायी समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में लोगों को इस प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button