पेयजल प्रदाय में लापरवाही नहीं की जायेगी बर्दाश्त: राकेश सिंह
खरीदी केंद्रों में किसानों को न हो किसी भी तरह की परेशानी, प्रभारी मंत्री ने ली जिला योजना समिति की बैठक
Chhindwara 04 April 2025
छिन्दवाड़ा यशो :- प्रदेश के लोक निर्माण विभाग के मंत्री और छिंदवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह की अध्यक्षता में आज जिला योजना समिति की बैठक कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में निर्धारित एजेंडा बिंदुओं के अनुसार नगरीय क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था, गेहूं उपार्जन, जल जीवन मिशन एवं अन्य बिंदुओं पर विभागों की गहन समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा निर्देश दिए । जनप्रतिनिधियों से विभिन्न सुझाव भी लिए गए।
प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने स्पष्ट एवं सख्त निर्देश दिए हैं कि नगरीय एवं ग्रामीण किसी भी क्षेत्र में पेयजल प्रदाय में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। सभी सीएमओ नगरीय निकाय में जहां-जहां वर्तमान में पेयजल की समस्याएं है, नियमित जल का प्रदाय नहीं किया जा रहा है और जहां आगामी ग्रीष्मकाल में जल संकट की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, अभी से वैकल्पिक व्यवस्था बना लें। इस संबंध में जनप्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न सुझाव भी दिए गए, जिनकी प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने सराहना की और नगर निगम आयुक्त एवं सभी सीएमओ को उन सुझावों का परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए, जिससे पेयजल की समस्या का स्थाई समाधान निकाला जा सके।
उन्होंने नगरीय निकायों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ठेकेदारों की अकेले लापरवाही तय नहीं की जायेगी। यदि ठेकेदार अमृत 2 योजना एवं पाइप विस्तारीकरण संबंधी कार्य समय पर नहीं करते हैं, तो पेनाल्टी लगाने के साथ ही कार्यवाही भी करें। साप्ताहिक वर्क प्लान ठेकेदार के साथ बैठकर तैयार करें और उसका सप्ताह के अंदर ही इंप्लीमेंटेशन कराएं, यह आपकी जवाबदारी है। उन्होंने जल जीवन मिशन के कार्यों में जनप्रतिनिधियों द्वारा लापरवाही बताए जाने पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी पर कड़ी नाराजगी जताई।
खरीदी केंद्रों में किसानों के लिए हों समुचित व्यवस्थाएं
प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने रबी उपार्जन की समीक्षा की और जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी खरीदी केंद्रों में किसानों के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें। किसानों का किसी भी तरह से शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खरीदी केंद्रों पर नियमित निगरानी रखी जाए।
जिला योजना समिति की बैठक में सांसद विवेक बंटी साहू, महापौर विक्रम अहके, कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह, प्रभारी पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह, सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार, विधायक अमरवाड़ा कमलेश प्रताप शाह, विधायक परासिया सोहनलाल वाल्मीक, विधायक चौरई सुजीत सिंह चौधरी, विधायक जुन्नारदेव सुनील उईके, विधायक सौंसर विजय रेवनाथ चौरे एवं विधायक पांढुर्णा निलेश उईके, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पुन्हार सहित जिला योजना समिति के सभी शासकीय एवं अशासकीय सदस्य और संबंधित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।



