रक्षाबंधन को पेंच प्रबंधन ने बाघ रक्षा दिवस के रूप में मनाया

सिवनी यशो:- जिले के पेंच टाइगर रिजर्व में प्रबंधन ने बाघ और अन्य वन्य प्राणियों के संरक्षण के प्रति जागरुकता बढ़ाने के उद्देश्य से रक्षा बंधन पर्व को बाघ रक्षा दिवस के रूप मे मनाया है। सोमवार को पेंच नेशनल पार्क के समस्त बफर परिक्षेत्रों के अंतर्गत 130 ईको विकास समितियों और कुरई, अरी, बिछुआ, सिवनी जिला मुख्यालय में नागरिकों को बाघ के चित्र वाले मुखोटे लगाकर बाघ रक्षा सूत्र बांधकर इनके संरक्षण की शपथ दिलाई।
पेंच नेशनल पार्क में देश-विदेश से बड़ी संख्या में सैलानी बाघ देखने आते हैं। जिन्हें बाघ सहित कई वन्य प्राणियों के दीदार हो जाते हैं। वहीं बाघ का शिकार करने वाले शिकारी भी करंट लगाकर सहित अन्य तरीकों से बाघ का शिकार करने का प्रयास करते हैं।
इसलिए मानसून में 3 माह के लिए पेंच नेशनल पार्क में गेट बंद कर जंगल सफारी बंद कर दी जाती है और पेंच प्रबंधन कई तरह से वन्य प्राणियों की सुरक्षा के लिए गश्ती करता है। साथ ही प्रबंधन सीसीटीवी का सहारा लेकर निगरानी करता है।पेंच नेशनल पार्क के डिप्टी डायरेक्टर रजनीश कुमार सिंह ने बताया कि बाघों और अन्य वन्य प्राणियों की सुरक्षा के लिए लोगों को जागरूक करने सोमवार को रक्षाबंधन पर्व बाघ रक्षा दिवस के रूप में मनाया गया।
यहां बाघ के चित्र वाला मुखौटा लगाकर बाघ के चित्र वाली राखी बांधी गई। लोगों को बाघ की रक्षा के लिए संकल्प दिलाया गया है। साथ ही लोगो से अपील की गई कि कोई भी व्यक्ति यदि बाघ या अन्य वन्यजीव को हानि पहुंचाने प्रयास करता है, तो उसकी सूचना पेंच प्रबंधन और वन विभाग को जरूर दें।



