मध्यप्रदेशसिवनी

थाना कुरई में आयोजित हुआ सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं हेलमेट वितरण कार्यक्रम

सिवनी/कुरई, 05 नवम्बर 2025

सिवनी यशो:— पुलिस अधीक्षक सिवनी सुनील मेहता (भापुसे) के निर्देशन में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और जनसुरक्षा के उद्देश्य से जिलेभर में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान प्रारंभ किया गया है। इसी क्रम में थाना कुरई परिसर के सामने एन.एच.-44 किनारे सड़क सुरक्षा एवं हेलमेट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस बरघाट ललित गठरे, अपर कलेक्टर सिवनी सुश्री सुनीता खंडायत, एसडीएम कुरई  प्रशांत उइके, तहसीलदार सतीश कुमार चौधरी, थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक विजय बघेल, थाना प्रभारी कुरई निरीक्षक के.एस. तेकाम, तथा जनपद अध्यक्ष कुरई लोचन सिंह मर्सकोले सहित पुलिस स्टाफ और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक महोदय ने उपस्थित नागरिकों को वाहन चलाते समय यातायात नियमों के पालन और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट धारण करने के लाभ के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हेलमेट जीवन रक्षा का सरल लेकिन अत्यंत प्रभावी माध्यम है, जो आकस्मिक दुर्घटनाओं में मृत्यु दर को कम करता है। इसी अवसर पर ग्राम मोहगांव यादव एवं ग्राम आमाझिरी के सरपंचों को गांव में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने तथा वाहन चालकों को हेलमेट धारण करवाने की शपथ दिलाई गई। पुलिस टीम द्वारा लगभग 50 हेलमेट निःशुल्क वितरित किए गए और बिना हेलमेट चालकों को रोककर समझाइश दी गई। पुलिस अधीक्षक श्री मेहता ने बताया कि- यह अभियान जिले के सभी थानों में क्रमशः आयोजित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाई जा सके और दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!