सड़कें बनी दलदल, कांग्रेस प्रतिनिधियों ने की तत्काल मदद
Seoni 28 June 2025
सिवनी यशो:- महामाया वार्ड स्थित सांई बिहार कॉलोनी में पहली ही बारिश में सड़कों की हालत बदतर हो गई। कॉलोनी की कच्ची और अधूरी सड़कों ने दलदल का रूप ले लिया, जिससे न केवल दोपहिया वाहन चालकों बल्कि पैदल चलने वालों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
समस्या की जानकारी पर पहुंचे कांग्रेस प्रतिनिधि
स्थानीय निवासी एवं समाज कल्याण कांग्रेस प्रकोष्ठ के अध्यक्ष श्री ध्रुवनारायण चौधरी ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला कांग्रेस को सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी समस्याओं से अवगत कराया। सूचना मिलते ही कांग्रेस प्रतिनिधि विष्णु करोसिया, अतुलचंद मालू, इमरान पटेल, राजिक अकील, राजेश मानाठाकुर, ठा. जयप्रकाश सिंह परिहार, नन्दू यादव एवं गेंदलाल भलावी मौके पर पहुँचे और कॉलोनीवासियों की समस्याएं सुनीं।
तत्काल राहत कायर्: निजी संसाधनों से शुरू हुआ सुधार
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए अतुलचंद मालू ने अपने निजी ट्रैक्टर एवं लेवलर से कॉलोनी की मुख्य सड़क पर जमा कीचड़ को हटवाया, जिससे स्थानीय लोगों का आवागमन सुचारु हो सका।
नगरपालिका प्रशासन को किया गया अवगत
इसके बाद प्रतिनिधियों ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी से चर्चा कर तत्काल डम्पर व जेसीबी मशीन भेजकर कीचड़ सफाई का कार्य शुरू करवाया। वहीं, स्ट्रीट लाइट समस्या के निराकरण के लिए एक सप्ताह का समय मांगा गया है।
स्थानीय नागरिकों ने जताया आभार
सांई बिहार कॉलोनीवासियों ने तत्काल सहायता और सक्रियता के लिए ध्रुवनारायण चौधरी सहित जिला कांग्रेस प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगरपालिका को पहले से ही वर्षा की तैयारी करनी चाहिए थी, ताकि ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो।



