धर्ममध्यप्रदेशसिवनी
सदगुरु कबीर प्राकट्य महा महोत्सव का भव्य शुभारंभ आज, नगर छपारा बना भक्ति और अध्यात्म का केंद्र
Seoni 07 June 2025
छपारा यशो:- नगर छपारा स्थित बैनगंगा तट के समीप गोल्डन टेंपल के पास नवनिर्मित सदगुरु कबीर सत्संग भवन का उद्घाटन आज दिनांक 7 जून 2025 को परम पूज्य कबीर दर्शनाचार्य श्री श्री 108 राम जीवन शास्त्री साहेब जी (आचार्य पीठ, कबीरधाम, सागर म.प्र.) के पावन सानिध्य में तथा केवलारी विधायक ठाकुर रजनीश हरवंश सिंह जी के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हो रहा है।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों के रूप में पूर्व सांसद श्रीमती नीता पटेरिया, पूर्व विधायक रमेश कुमार जैन, भाजपा जिला महामंत्री ठाकुर जयदीप सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती निशा सुरेश पटेल, एवं अन्य जनप्रतिनिधियों व समाजसेवियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
त्रिदिवसीय सत्संग समारोह का होगा शुभारंभ
उद्घाटन समारोह के पश्चात 8 जून से 10 जून 2025 तक चलने वाला त्रिदिवसीय सत्संग समारोह का शुभारंभ आचार्य श्री के करकमलों द्वारा झंडा वंदन एवं दीप प्रज्वलन से होगा।
प्रत्येक दिवस का कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा
8 जून 2025
प्रात: 10:30 बजे – कबीर दर्शन पर सत्संग व चिंतन एवं संध्या 5:00 बजे – भजन गायन एवं प्रवचन
9 जून 2025 (सोमवार)
प्रात: 8:00 बजे – गुरु महिमा पाठ, सत्संग व भोजन, दोपहर 3:00 बजे – सद्भावना रैली एवं शोभायात्रा एवं रात्रि 8:00 बजे – प्रवचन व भजन संध्या
10 जून 2025 (मंगलवार)
प्रात: 8:00 बजे – गुरु महिमा पाठ, भजन, जलपान, दोपहर 11:00 बजे – सत्यपुरुष पूजन, गुरु पूजा, सात्विक यज्ञ, चौका आरती एवं आशीर्वचन, तत्पश्चात भंडारा एवं समापन
मानव समाज के नैतिक उत्थान हेतु अद्वितीय पहल
सदगुरु कबीर समाज उत्थान समिति, छपारा द्वारा आयोजित यह महोत्सव पिछले 21 वर्षों से सामाजिक समरसता, नैतिक मूल्यों, आध्यात्मिक चेतना व सांप्रदायिक सौहार्द के प्रचार हेतु सतत रूप से आयोजित किया जा रहा है। इस बार भी कार्यक्रम को जनभागीदारी से भव्यता प्रदान की जा रही है।
इस आयोजन का उद्देश्य समाज में फैली भ्रांतियों, पाखंडों और विघटनकारी प्रवृत्तियों को समाप्त कर एक आदर्श समाज की स्थापना करना है। इसके लिए समिति सत्य, अहिंसा, एकता और समता के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।
भजन, प्रवचन और विद्यार्थियों का सम्मान
स्थानीय एवं क्षेत्रीय कलाकारों द्वारा भक्ति भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। महिला मंडल व बाल मंडल भी अपने-अपने भजनों से मंच की शोभा बढ़ाएंगे। बोर्ड परीक्षा के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन राशि से सम्मानित किया जाएगा। (छात्रों से अंकसूची लाने का अनुरोध)
व्यवस्थाएं व सहभागी अपील
बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने व भोजन की पूर्ण व्यवस्था की गई है। सभी भक्तों से आग्रह किया गया है कि वे गुल्लक की राशि कार्यक्रम स्थल पर ही जमा करावें। संस्था ने सभी श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे अपने सुझावों के साथ अवश्य पधारें ताकि कार्यक्रम को और भी दिव्य और सफल बनाया जा सके।



