धर्ममध्यप्रदेशसिवनी
छपारा में धूमधाम से प्रारंभ हुआ सदगुरु कबीर प्राकट्य महा महोत्सव, सत्संग में गूंजे आध्यात्मिक संदेश
Seoni 08 June 2025
छपारा यशो:- नगर छपारा में सदगुरु कबीर प्राकट्य महा महोत्सव एवं त्रिदिवसीय सत्संग समारोह का भव्य शुभारंभ प्रथम दिवस के प्रथम सत्र में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता कबीर दर्शनाचार्य परम पूज्य आचार्य श्री श्री 108 श्री रामजीवन शास्त्री साहेब जी, आचार्य पीठ कबीरधाम, सागर के पावन सानिध्य में संपन्न हुई। मुख्य अतिथि के रूप में ठाकुर रजनीश सिंह , विधायक केवलारी तथा विशिष्ट अतिथि नारायण प्रसाद जी कबीरपंथी, पूर्व मंत्री, मध्यप्रदेश शासन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का आरंभ धर्मध्वज की स्थापना से हुआ, जिसके उपरांत नवनिर्मित सदगुरु कबीर आश्रम (सत्संग भवन) का उद्घाटन फीता काटकर किया गया। सदगुरु कबीर साहेब के स्वरूप पर माल्यार्पण कर एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुभ शुरुआत की गई।
पूज्य आचार्य श्री को माल्यार्पण कर सभी अतिथियों ने उनका आशीर्वाद प्राप्त किया, तथा सदगुरु कबीर समाज उत्थान समिति छपारा द्वारा सभी विशिष्ट अतिथियों का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।
अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में पूज्य गुरुदेव साहेब जी ने मानव जीवन की दुर्लभता, सत्संग की महत्ता एवं सद्गुरु की भक्ति के महत्व को विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा:
“जब तक हम सत्संग रूपी दरिया में गोता नहीं लगाएंगे, संस्कारों का जागरण नहीं करेंगे, तब तक हम समर्पित भाव से सद्गुरु की भक्ति नहीं कर सकते। सत्संग के बिना जीवन की पूर्णता संभव नहीं है।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सत्संग एक ऐसी प्रयोगशाला है जहां मानवता को तराशा जाता है और आत्मबोध की प्राप्ति होती है।
“करिए नित सत्संग को, बाधा सकल मिटाय। ऐसा अवसर न मिले, दुर्लभ नर तन पाय।”
इस अवसर पर माननीय विधायक रजनीश हरवंश जी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
अन्य विशिष्ट अतिथियों में पूर्व सांसद श्रीमती नीता पटेरिया, पूर्व विधायक रमेश कुमार जैन,नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती निशा सुरेश पटेल, उपाध्यक्ष शिवाकांत सिंह ठाकुर, जनपद अध्यक्ष सदम सिंह बरकड़े, उपाध्यक्ष प्रभात सिंह ठाकुर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य जयकेश सिंह ठाकुर, जिला भाजपा महामंत्री ठाकुर जयदीप सिंह, मंडल अध्यक्ष ठाकुर अर्जुन सिंह, वार्ड पार्षद श्रीमती सोनल चंदू श्रीवास्त्री, सूरज लाल बंजारा, गुलाब साहू (अध्यक्ष, जिला साहू संघ, सिवनी)आरिफ मोहम्मद खान,शिव कुमार शिवहरे (शासकीय ठेकेदार) आदि की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिकता से परिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।





